
गुना। जिला शिक्षा अधिकारी राजेश गोयल ने विकासखंड बमोरी के विभिन्न शासकीय विद्यालयों और छात्रावासों का निरीक्षण किया। शासकीय हाई स्कूल सावरामोदी में उन्होंने कक्षा 9वीं व 10वीं के विद्यार्थियों से संवाद किया तथा एक छात्र की लेखन शैली और फेयर कॉपी की सराहना की। विद्यालय प्राचार्य को छात्र उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश दिए गए। इसके बाद नेताजी सुभाष चंद्र छात्रावास फतेहगढ़ में व्यवस्थाओं के सुधार हेतु छात्रों से सुझाव लिए गए। सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय फतेहगढ़ (कैंपस-वन) की द्वितीय पाली कक्षाओं का निरीक्षण करते हुए स्मार्ट बोर्ड पर विद्यार्थियों की प्रस्तुति की प्रशंसा की गई। कैंपस-टू की व्यवस्थाएँ सुव्यवस्थित पाई गईं और नवीन वेल्डिंग संरचना पर तकनीकी चर्चा की गई। अंत में प्राचार्य भगवत प्रसाद ओझा ने जिला शिक्षा अधिकारी को आभार ज्ञापित किया।
