एक वर्ष में बदल जाएगी दिल्ली की तस्वीर : प्रवेश

नयी दिल्ली, 19 जुलाई (वार्ता) दिल्ली के लोक निर्माण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने शनिवार को कहा कि यह सरकार सिर्फ़ पाँच महीने पुरानी है, लेकिन वादा है कि एक वर्ष में दिल्ली की तस्वीर बदल जायेगी।
श्री सिंह ने नयी दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों का दौरा करने के बाद आज कहा कि दिल्ली में पानी की समस्या की जड़ बेहद पुरानी पाइपलाइन प्रणाली है, जिसे दशकों से बदला ही नहीं गया। उन्होंने कहा, “दिल्ली के कई इलाकों में लोगों को गंदा पानी मिल रहा है, क्योंकि यहां 40 से 80 साल पुरानी पाइपलाइनों से जल आपूर्ति की जा रही है।”
उन्होंने इस संकट के लिए पूर्ववर्ती सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा, “पिछली सरकार ने एक भी नयी पाइपलाइन नहीं डाली। लोगों की सबसे बुनियादी ज़रूरत साफ और सुरक्षित पीने का पानी तक को नजरअंदाज कर दिया गया।”उन्होंने बताया कि वर्तमान सरकार ने आते ही इस दिशा में ठोस कदम उठाने शुरू कर दिए हैं और पूरे दिल्ली में जल और सीवर व्यवस्था के पुनर्निर्माण की योजना पर काम शुरू हो चुका है।
श्री सिंह ने कहा, “हम दिल्ली के लिए एक नया मास्टर प्लान बना रहे हैं। नयी पाइपलाइनों की योजना बन चुकी है, बजट पारित हो चुका है, टेंडर भी पास हो चुके हैं और कुछ जगहों पर काम शुरू भी हो चुका है।”
उन्होंने कहा, “यह सरकार सिर्फ़ पाँच महीने पुरानी है, लेकिन मैं आप सभी से वादा करता हूं एक साल में दिल्ली की तस्वीर बदलकर रख देंगे।”श्री सिंह ने यह भी स्पष्ट किया कि यह काम केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि ज़मीन पर इसका असर दिखने लगा है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि तय समयसीमा में काम पूरा हो, गुणवत्ता से कोई समझौता न हो और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से हो।

Next Post

आयातित पुर्जे जोड़कर निर्माण की जमीनी हकीकत बदलना जरूरी : राहुल

Sat Jul 19 , 2025
नयी दिल्ली,19 जुलाई (वार्ता) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने आयातित पुर्जे असेंबल करके टीवी, मोबाइल बनाने की नीति पर सवाल उठाते हुए शनिवार को कहा कि यह ‘मेक इन इंडिया’ नहीं है इसलिए निर्माण की इस हकीकत को बदलना जरूरी है। श्री […]

You May Like