प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह ने अस्पताल पहुंचकर बीमार बच्चों का जाना हाल

बालाघाट, मध्यप्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री तथा बालाघाट जिले के प्रभारी मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने 15 अगस्त को जिला चिकित्सालय बालाघाट पहुंचकर बीमारी से प्रभावित ग्रामों के भर्ती बच्चों का हालचाल जाना। उन्होंने बच्चों के परिजनों से मुलाकात कर अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।

बिरसा विकासखंड के बीमारी से प्रभावित ग्राम कुंडेकसा, बोंदारी, कोरका एवं घुम्मुर के बच्चों को उपचार एवं चिकित्सकीय निगरानी के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं और उनके स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है। स्वस्थ होने वाले बच्चों को उपचार पूर्ण होने के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर उनके घर तक पहुंचाया जा रहा है।

प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने बच्चों के परिजनों से चर्चा करते हुए कहा कि शासन-प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि बीमारी के संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए जिला प्रशासन एवं सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने सिविल सर्जन डॉ. निलय जैन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. परेश उपलप से बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि अस्पताल में भर्ती बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा उनके उपचार एवं परिजनों की आवश्यक सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी न हो।

इस अवसर पर सांसद श्रीमती भारती पारधी, विधायक श्री गौरव सिंह पारधी, मप्र पिछड़ा वर्ग आयोग की सदस्य श्रीमती मौसम बिसेन, पूर्व मंत्री श्री रामकिशोर कावरे, कलेक्टर श्री कुमार सत्यम, पुलिस अधीक्षक श्री आदित्य मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Next Post

ग्राम पंचायत धावड़िया मुख्यालय पर बागली विधायक मुरली भंवरा ने फहराया झंडा 

Sat Aug 15 , 2026
बागली। आदिवासी बाहुल्य ग्राम पंचायत धावड़िया चार अलग-अलग छोटे गांव एवं 4मजरे टोले में विभाजित होकर भौगोलिक दृष्टि से बड़ी ग्राम पंचायत है। 15 अगस्त को ग्राम पंचायत मुख्यालय परिसर में झंडा वंदन कार्यक्रम आयोजित हुआ इस दौरान बागली विधायक मुरली भंवरा में झंडा वंदन करते हुए सभी को स्वतंत्रता […]

You May Like