
मंदसौर। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर जिले में शुक्रवार को “रन फॉर यूनिटी” का भव्य आयोजन किया गया। दौड़ का शुभारंभ बीपीएल चौराहा स्थित सरदार पटेल प्रतिमा स्थल से किया गया, जिसे सांसद सुधीर गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा पाटीदार, नपा अध्यक्ष रमादेवी गुर्जर, पूर्व विधायक सिसोदिया, कलेक्टर अदिति गर्ग एवं एसपी विनोद मीना ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
दौड़ सरदार पटेल चौराहा से पीजी कॉलेज ग्राउंड तक संपन्न हुई, जिसमें प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी, पुलिसकर्मी, एनसीसी, एनएसएस सदस्य एवं आमजन उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
सांसद सुधीर गुप्ता ने कहा कि सरदार पटेल स्वदेशी के प्रबल समर्थक थे, हमें अपने जीवन में स्वदेशी वस्तुओं को अपनाकर आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि ‘रन फॉर यूनिटी’ देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति समर्पण की भावना का प्रतीक है।
कार्यक्रम में विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया तथा सांसद गुप्ता ने उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलाई।
