पंजाब एफसी ने लियोन ऑगस्टीन का कॉन्ट्रैक्ट 2027 तक बढ़ाया

मोहाली, (वार्ता) आगामी सीजन से पहले पंजाब एफसी ने अपने बहुप्रतिभाशाली खिलाड़ी लियोन ऑगस्टीन के कॉन्ट्रैक्ट को 2027 तक बढ़ाने की घोषणा की है। यह विस्तार क्लब की उस रणनीति का हिस्सा है जिसके तहत युवा कोर को बनाए रखते हुए एक प्रतिस्पर्धी टीम तैयार की जा रही है। लियोन आगामी सीजन में भी हेड कोच पैनेजियोटिस डिलेंपरिस की टीम में अहम भूमिका निभाते रहेंगे।

26 वर्षीय लियोन ने 2023-24 सीजन में “द शेर” के लिए खेलना शुरू किया था और बीते सीजन में शानदार प्रदर्शन के बाद अब वह क्लब के साथ अपनी यात्रा जारी रखेंगे। पहले सीजन में उन्होंने केवल चार मैच खेले, लेकिन पिछले सीजन में उन्होंने इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) में 20 मैचों में हिस्सा लिया, 1020 मिनट तक खेलते हुए ओडिशा एफसी के खिलाफ एक गोल भी दागा।

खिलाड़ियों के कॉन्ट्रैक्ट विस्तार पर बात करते हुए हेड कोच पैनेजियोटिस डिलेंपरिस ने कहा, “लियोन एक मेहनती और बहुउपयोगी खिलाड़ी हैं, जो हमारी टीम के लिए आक्रमण और रक्षा दोनों में अहम योगदान देते हैं। पिछले सीजन में उनकी प्रगति काबिल-ए-तारीफ रही और यह विस्तार उनके प्रति हमारे विश्वास को दर्शाता है। हम एक मजबूत युवा कोर के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध हैं और लियोन उसी दृष्टिकोण के आदर्श खिलाड़ी हैं। मैं उम्मीद करता हूं कि आने वाले सीजन में वह और अधिक योगदान देंगे।”

2024-25 सीजन में खेले गए 20 मैचों में लियोन ने 279 सफल पास दिए, जिसमें उनकी पासिंग एक्युरेसी 70% रही। उन्होंने कुल 693 बार गेंद को छुआ, विपक्षी बॉक्स में 15 बार टच किया, नौ मौकों का निर्माण किया और दो बार सीधे गोल पर निशाना साधा। सीजन की शुरुआत में उन्होंने अग्रिम पंक्ति में खेला, लेकिन चोटों के कारण उन्हें विंग-बैक की भूमिका निभानी पड़ी। इस सीजन में उन्होंने 72 ड्यूल्स जीते और 67 बार गेंद की रिकवरी की।

पंजाब एफसी के टेक्निकल डायरेक्टर निकोलस टोपोलिएटिस ने कहा, “लियोन का कॉन्ट्रैक्ट बढ़ाना हमारे उस विजन का हिस्सा है जिसमें हम युवा और प्रतिबद्ध खिलाड़ियों के एक मजबूत आधार के साथ क्लब का भविष्य गढ़ना चाहते हैं। लियोन ने बेहतरीन चरित्र, लचीलापन और संभावनाएं दिखाई हैं, और हमें विश्वास है कि वह क्लब के विकास में अहम भूमिका निभाते रहेंगे। हम उन्हें अपनी दीर्घकालिक योजनाओं का हिस्सा बनाकर बेहद खुश हैं और आने वाले सीजन के लिए उन्हें शुभकामनाएं देते हैं।

 

 

Next Post

मैनचेस्टर टेस्ट के लिए प्रमुख चयनों का आकलन कर रहा है भारत

Sat Jul 19 , 2025
लंदन, (वार्ता) इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट से पहले लंबे अंतराल के साथ, भारत को ओल्ड ट्रैफर्ड में होने वाले मैच के लिए अपनी अंतिम एकादश के संबंध में महत्वपूर्ण निर्णय लेने हैं। लॉर्ड्स में एक करीबी मुकाबले में हारने के बाद, पांच टेस्ट मैचों की श्रृंखला में 2-1 से […]

You May Like