अगली तिमाही में कम हो सकते हैं, कच्चे तेल के दाम : हरदीप सिंह पुरी

नयी दिल्ली, (वार्ता) पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने गुरुवार को कहा कि फिलहाल अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम स्थिर बने हुए हैं और अनुमान है कि अगली तिमाही में इनमें कमी आ सकती है।

श्री पुरी यहां पेट्रोलियम क्षेत्र पर वैश्विक सम्मेलन – ऊर्जा वार्ता 2025 के दौरान मीडिया से अलग से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने एक प्रश्न के उत्तर में कहा, “ दुनिया में इस समय कच्चे तेल की पर्याप्त आपूर्ति है। साथ ही भंडार की स्थिति भी अच्छी है। ऐसे में फिलहाल कीमतें बढ़ने की कोई आशंका नहीं दिखती।” उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थियों को देखते हुए तेल के दाम 65 से 70 डॉलर प्रति बैरल के बीच बने रहने चाहिए।

मंत्री ने जोर देकर कहा कि यदि कच्चा तेल इस दायरे से हटता है, तो इसमें नरमी की ही संभावना दिखती है और यह 65 डॉलर प्रति बैरल से नीचे ही जायेगा। उनका अनुमान है कि भाव 70 डॉलर से ऊपर नहीं जायेंगे।

उन्होंने कहा कि बाजार के बारे में उनका अनुमान निजी है, लेकिन यह अनुभव और विशेषज्ञों से बातचीत पर आधारित है। पेट्रोलियम मंत्री ने कहा कि अगली तिमाही में वैश्विक बाजार में कच्चे तेल के दाम घट भी सकते हैं।

एक अन्य प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम कम होने से घरेलू तेल विपणन कंपनियों को नुकसान की भरपाई करने में मदद मिलेगी। यदि कच्चा तेल 65 डॉलर प्रति बैरल पर भी बना रहता है, तब भी तेल विपणन कंपनियां नुकसान की भरपाई करने में सक्षम होंगी।

 

Next Post

सेबी कमोडिटी, कॉर्पोरेट बॉन्ड मार्केट को बढ़ावा देने की दिशा में कर रहा है काम

Fri Jul 18 , 2025
कोलकाता, (वार्ता) भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) इक्विटी मार्केट के अलावा दूसरे एसेट्स में निवेश बढ़ाने की दिशा में काम कर रहा है, क्योंकि ये ऐसे क्षेत्र हैं जिनमें अब भी काफी संभावनायें हैं। सेबी के पूर्णकालिक सदस्य अनंत नारायण जी. ने यहां उद्योग संगठन सीआईआई द्वारा आयोजित एक […]

You May Like