महाबलीपुरम के तट पर तीन से 12 अगस्त तक स्पर्धा करेंगे एशिया के शीर्ष सर्फर्स

चेन्नई, (वार्ता) तमिलनाडु के महाबलीपुरम के तट पर एशिया के शीर्ष सर्फर्स विभिन्न वर्गो में तीन से 12 अगस्त तक आयोजित होने वाली एशियाई सर्फिंग चैंपियनशिप 2025 में स्पर्धा करेंगे।

तमिलनाडु सरकार, युवा कल्याण एवं खेल विकास विभाग और तमिलनाडु खेल विकास प्राधिकरण द्वारा समर्थित यह चैंपियनशपि दस दिनों तक चलेगी और इसके जरिए सर्फर्स 2026 एशियाई खेलों के लिए क्वालीफायर तय होंगे। इस चैंपियनशिप में 20 एशियाई देशों के सर्फर्स ओपन पुरुष, ओपन महिला, अंडर-18 लड़के और अंडर-18 लड़कियाें के वर्ग में स्पर्धा करेंगे।

एशियाई सर्फिंग चैंपियनशिप 2025 में नव-विजेता पुरुष और महिला चैंपियनों को 17-23 नवंबर 2025 को होने वाले सर्फसिटी एल साल्वाडोर एएलएएस ग्लोबल फाइनल में सीधे प्रवेश मिलेगा। यह चैंपियनशिप एशियाई सर्फर्स के लिए एक बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रतिस्पर्धा करने और अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने का नया मार्ग प्रशस्त करती है।

आज यहां तमिलनाडु के उपमुख्यमंत्री और युवा कल्याण एवं खेल विकास मंत्री उदयनिधि स्टालिन ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, “तमिलनाडु हमेशा से खेलों के माध्यम से युवाओं को सशक्त बनाने और उत्कृष्टता एवं समावेशिता की भावना को बढ़ावा देने में विश्वास करता रहा है। तमिलनाडु में एएसएफ एशियाई सर्फिंग चैंपियनशिप 2025 की मेजबानी सर्फिंग जैसे नए खेलों को बढ़ावा देने, हमारे एथलीटों के लिए विश्व स्तरीय अवसर पैदा करने और भारत के खेल एवं साहसिक पर्यटन केंद्र के रूप में तमिलनाडु की स्थिति को मजबूत करने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। हमें अपने सर्फर्स का समर्थन करने पर गर्व है और हम एशिया के सर्वश्रेष्ठ सर्फर्स का अपने तटों पर स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं।”

इस अवसर पर भारतीय सर्फिंग महासंघ के अध्यक्ष अरुण वासु ने कहा, “महाबलीपुरम में एशियाई सर्फिंग चैंपियनशिप का आयोजन भारतीय सर्फर्स के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है। तमिलनाडु को अग्रणी भूमिका में रखते हुए, हम न केवल अपने अद्भुत एथलीटों को प्रदर्शित कर रहे हैं, बल्कि एएसएफ-पीएएसए पहल जैसी साझेदारियों के जरिए एक मजबूत वैश्विक समुदाय का निर्माण भी कर रहे हैं। यह आयोजन अनगिनत युवा सर्फर्स को बड़े सपने देखने और ऊंचा उठने के लिए प्रेरित करेगा।”

एशियन सर्फिंग महासंघ के महासचिव शू मियाबे ने कहा, “सर्फिंग के विकास के लिए तमिलनाडु का दृष्टिकोण एशिया में अद्वितीय है। उच्च-स्तरीय प्रतिस्पर्धा को सार्थक वैश्विक साझेदारियों के साथ जोड़कर, हम पूरे महाद्वीप में सर्फिंग के विकास को गति दे रहे हैं। इस वर्ष के आखिर में अल सल्वाडोर में प्रतिस्पर्धा करने का हमारे चैंपियनों का अवसर हमारे सर्फिंग परिवार की एकता और शक्ति का प्रमाण है।”

 

 

Next Post

सैयारा मेरे करियर की सबसे खास फिल्मों में से एक है : श्रेया घोषाल

Thu Jul 17 , 2025
मुंबई, (वार्ता) बॉलीवुड की जानीमानी पार्श्वगायिका श्रेया घोषाल का कहना है कि सैयारा उनके करियर की सबसे खास फिल्मों में से एक है। बहुप्रतीक्षित रोमांटिक फिल्म ‘सैयारा’, यशराज फिल्म्स (वाईआरएफ) और निर्देशक मोहित सूरी की पहली साझेदारी है। हाल ही में, वाईआरएफ ने इस एल्बम का ‘सैयारा टाइटल ट्रैक (रिप्राइज़)’ […]

You May Like