देवास: बीएनपी रोड पर सोमवार रात मीना बाजार से घर लौट रही एक महिला के गले से बाइक सवार महिला-पुरुष ने सोने का मंगलसूत्र झपट लिया। वारदात के बाद परिजनों ने आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया, वहीं सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार सोमवार को जमुनिया निवासी काजल परमार अपने पति सचिन एवं परिजनों के साथ देवास स्थित बीएनपी रोड के अस्थायी मीना बाजार में घूमने आई थीं। रात्रि लगभग 9:30 बजे मोटरसाइकिल से घर लौटते समय बीएनपी रोड पर पीछे से मोटरसाइकिल पर आए एक पुरुष एवं महिला द्वारा उसके गले से सोने का मंगलसूत्र झपटकर लूट लिया।
घटना के तत्काल बाद महिला के पति एवं परिजनों ने सतर्कता दिखाते हुए आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान सूचना प्राप्त होते ही ड्यूटी पर तैनात थाना कोतवाली पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची तथा तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान नीतेश सिलोदिया एवं उसकी पत्नी के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सोने का मंगलसूत्र कीमत लगभग 90 हजार बरामद कर लिया।
