सोनकच्छ: विधानसभा क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और किसानों को पर्याप्त जल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विधायक डॉ. राजेश सोनकर ने इंदिरा सागर परियोजना अंतर्गत नर्मदा-कालीसिंध लिंक परियोजना फेस-1 के तहत ग्राम तालोद स्थित पंपिंग हाउस एवं कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों एवं इंजीनियरों से परियोजना की प्रगति, तकनीकी व्यवस्थाओं और जल आपूर्ति के संबंध में जानकारी ली।
विधायक डॉ. सोनकर ने कहा कि नर्मदा-कालीसिंध लिंक परियोजना सोनकच्छ विधानसभा क्षेत्र के किसानों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी। परियोजना के माध्यम से क्षेत्र के लगभग 44 हजार हेक्टेयर कृषि क्षेत्र को सिंचाई का लाभ मिलने की उम्मीद है। विधायक ने अधिकारियों से परियोजना की वर्तमान स्थिति और जल आपूर्ति से जुड़ी तकनीकी व्यवस्थाओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि परियोजना का लाभ तभी सार्थक होगा, जब किसानों के खेतों तक समय पर पानी पहुंचे। इसके लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर गति देने की जरूरत है।
विधायक ने बताया कि परियोजना से संबंधित कार्ययोजना एवं प्रोजेक्ट तैयार हैं। उन्होंने तेजी से काम करने पर जोर दिया। डॉ. सोनकर ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र के 20 तालाबों में भी जल उपलब्धता के प्रयास किए जा रहे हैं। इससे किसानों को सिंचाई के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में जल उपलब्धता के लिहाज से भी लाभ मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि खेतों में हरियाली, किसानों के जीवन में खुशहाली और ग्रामीण क्षेत्रों का विकास उनकी प्राथमिकता है।
