28 से नानाखेड़ा-शांति पैलेस मार्ग पर दौड़ेंगे वाहन

उज्जैन। तो आखिर वह घड़ी आ ही गई जिसका सबको इंतजार था नानाखेड़ा से शांति पैलेस वाला मार्ग बनकर लगभग तैयार हो चुका है और 28 अगस्त से इस पर आगम प्रारंभ हो जाएगा। बुधवार को संभागायुक्त एवं सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह और कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने नानाखेड़ा-शांति पैलेस, शांतिनगर-नीलगंगा तथा शांतिनगर-मंछामन-इंदौर रोड मार्गों का पैदल निरीक्षण किया। नानाखेड़ा से शांति पैलेस तक बन रहे फोरलेन की एक ओर की सडक़ 28 अगस्त से आवागमन के लिए खोलने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि पूरा मार्ग 30 सितंबर तक तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

नानाखेड़ा चौराहा से भरतपुरी एम आर-2 मार्ग के विकास कार्य की जानकारी भी ली गई और इसे जल्द शुरू करने के निर्देश दिए गए। निर्माण स्थलों पर सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक और अन्य इंतजाम रखने के साथ निर्माण सामग्री की नियमित जांच तथा गुणवत्ता पर निगरानी रखने को कहा गया। सिंहस्थ मेला कार्यालय में हुई समीक्षा बैठक में उज्जैन विकास प्राधिकरण, नगर निगम और स्मार्ट सिटी के सडक़ चौड़ीकरण, नए मार्ग, पार्किंग और अन्य आधारभूत कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई।

बैठक में नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने बताया कि 28 अगस्त से शांति पैलेस से नानाखेड़ा मार्ग पर आवागमन शुरू किया जाएगा। बैठक में उज्जैन विकास प्राधिकरण सीईओ संदीप सोनी, जिला पंचायत सीईओ श्रेयांस कुमट, स्मार्ट सिटी सीईओ संदीप शिवा, सहायक मेला अधिकारी संदीप सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

अब घूम कर नहीं जाना पड़ेगा-तत्काल मिट्टी हटाए्

इस मार्ग के खुलने के बाद नानाखेड़ा से इंदौर रोड की ओर जाने वाले वाहनों को लाल गेट की तरफ घूमकर जाने की जरूरत नहीं होगी। इससे इस हिस्से में यातायात का दबाव कम होने के साथ यात्रियों को सीधा और सुविधाजनक मार्ग मिलेगा। गैल इंडिया चौराहा और शांतिनगर से नीलगंगा चौराहा तक लगभग 1600 मीटर सडक़ के चौड़ीकरण का काम 31 दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है। शांतिनगर से इंदौर रोड मार्ग को 30 सितंबर तथा मंछामन मल्टी से इंदौर रोड की ओर जाने वाले मार्ग को अक्टूबर तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान नानाखेड़ा-शांति पैलेस मार्ग पर सडक़ का स्तर एक समान रखने और काम में तेजी लाने को कहा गया। शांतिनगर-नीलगंगा मार्ग पर मिट्टी के ढेर और गड्ढों के कारण हो रही परेशानी को देखते हुए तत्काल मिट्टी हटाने और रास्ते को सुगम बनाने के निर्देश दिए गए। नालियों के पानी की निकासी की व्यवस्था भी दुरुस्त करने को कहा गया।

Next Post

स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, स्वाइन फ्लू पॉजीटिव महिला की इंदौर में मौत

Wed Aug 19 , 2026
उज्जैन। स्वाइन फ्लू की दस्तक शहर में होना सामने आई है। ऋषिनगर क्षेत्र में रहने वाली 60 वर्षीय महिला को 27 जुलाई के दिन नानाखेड़ा स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 30 जुलाई को उनका सेम्पल लिया गया। मामले में स्वास्थ्य विभाग की टीम अलर्ट हो गई है […]

You May Like