तूतुकडी (तमिलनाडु), 11 नवंबर (वार्ता) उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने बुधवार को तूतुकुडी में तमिलनाडु मर्केंटाइल बैंक (टीएमबी) के 105वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए 2047 तक देश को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्षय में बैंकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
इस अवसर पर उन्होंने टीएमबी से आने वाले वर्षों में देश के निजी क्षेत्र के अग्रणी बैंकों में स्थान बनाने की आकांक्षा के साथ आगे बढने का आह्वान किया। इस बैंक की स्थापना 1921 में नादर बैंक लिमिटेड के रूप में की गयी थी । आज यह बैंक 17 राज्यों और चार केंद्र शासित प्रदेशों में 632 शाखाओं के साथ एक प्रमुख बैंकिंग संस्थान के रूप में विकसित हुआ है। बैंक53 लाख से अधिक ग्राहकों को सेवा प्रदान कर रहा है और इसका कुल कारोबार 1.30 लाख करोड़ रुपये से अधिक है।
उपराष्ट्रपति ने राष्ट्र निर्माण में बैंकों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए उनसे एमएसएमई, किसानों, छोटे व्यापारियों, उद्यमियों, महिलाओं के नेतृत्व वाले उद्यमों और कॉरपोरेट जगत को जिम्मेदार ऋण देने और वित्तीय सहायता देने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कि विकसित भारत-2047 के दृष्टिकोण को साकार करने में बैंकिंग क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि डिजिटल बैंकिंग और यूपीआई द्वारा लाए गए परिवर्तन के साथ-साथ वित्तीय समावेशन के विस्तार ने अधिक लोगों को औपचारिक बैंकिंग सेवाओं तक पहुंचने में सक्षम बनाया है।
उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि बैंक को अपने मूल स्थान तूतुकुडी में निहित रहना चाहिए, भले ही यह अपनी राष्ट्रीय उपस्थिति का विस्तार करे। उपराष्ट्रपति ने विश्वास व्यक्त किया कि तमिलनाडु मर्केंटाइल बैंक अधिक ऊंचाइयों को छूना जारी रखेगा और भारत के प्रमुख निजी क्षेत्र के बैंकों के बीच खुद को स्थापित करेगा।
इस अवसर पर तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर, टीएमबी के अंशकालिक अध्यक्ष के. रामचंद्रन, प्रबंध निदेशक और सीईओ साली एस. नायर, कार्यकारी निदेशक विंसेंट मेनाचेरी, बोर्ड के सदस्य और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
