दिया कुमारी ने दिव्यांग बच्चों के साथ साझा किए भावनात्मक पल

अजमेर, (वार्ता) राजस्थान की उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने बुधवार को राजस्थान महिला कल्याण मंडल के स्वर्ण जयंती समारोह के अवसर पर अजमेर के चाचीयावास स्थित मीनू स्कूल में दिव्यांग बच्चों के साथ भावनात्मक पल साझा किये।

समारोह में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर दिया कुमारी ने संस्था द्वारा पिछले 50 वर्षों से दिव्यांगजन और महिला कल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की और संस्था को साधुवाद दिया। कार्यक्रम की शुरुआत में उन्होंने स्कूल परिसर का निरीक्षण किया और बच्चों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली।

इस अवसर पर दिया कुमारी ने शारीरिक और मानसिक रूप से दिव्यांग बच्चों से मुलाकात करके उनके साथ बैडमिंटन खेला और एक बच्ची को मिट्टी से लड्डू बनाना भी सिखाया। बच्ची की मुस्कान और सहज संवाद ने माहौल को भावुक और आत्मीय बना दिया।

कार्यक्रम के दौरान दिया कुमारी ने संस्थान द्वारा प्रकाशित एक पुस्तक का विमोचन किया, दिव्यांग बच्चों को चेक वितरित किए और उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया। उन्होंने संस्थान द्वारा बनाए गए हस्तशिल्प उत्पादों का भी अवलोकन किया और बच्चों की आत्मनिर्भरता को सराहा।

इस अवसर पर दिया कुमारी ने कहा कि, “संस्थान की 50वीं वर्षगांठ पर आना गर्व का विषय है। दिव्यांग बच्चों को जो सम्मान और शिक्षा यहां दी जा रही है, वह वास्तव में समाज में सकारात्मक बदलाव की नींव है। समावेशी शिक्षा, रोजगार प्रशिक्षण और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से इन बच्चों का आत्मबल बढ़ रहा है।”

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से दिव्यांगजन अब सम्मान और स्वाभिमान के साथ जीवन जी रहे हैं। राज्य सरकार भी उनके लिए बजट में योजनाएं लेकर आई है और उन्हें धरातल पर लागू करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

दिया कुमारी ने कहा कि राजस्थान विकसित राज्य बनेगा तो उसमें दिव्यांगजनों का भी बड़ा योगदान होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर इस दिशा में और अधिक प्रयास करेगी।

 

Next Post

राशिफल-पंचांग : 17 जुलाई 2025

Thu Jul 17 , 2025
पंचांग 17 जुलाई 2025:- रा.मि. 26 संवत् 2082 श्रावण कृष्ण सप्तमीं गुरूवासरे शाम 5/47, रेवती नक्षत्रे रात 3/8, अतिगण्ड योगे दिन 9/57, विष्टि करणे सू.उ. 5/17 सू.अ. 6/43, चन्द्रचार मीन रात 3/8 से मेष, शु.रा. 12,2,3,6,7,10 अ.रा. 1,4,5,8,9,11 शुभांक- 5,7,1. —————————————————– आज जिनका जन्म दिन है- उनका आगामी वर्ष: गुरूवार […]

You May Like