
सीहोर. शहर के घरों में स्मार्ट मीटर लगा रही विद्युत वितरण कंपनी के प्रति लोगों में आक्रोश बढ़ता ही जा रहा है. बुधवार को कस्बा क्षेत्र स्थित मेवातीपुरा में एक घर पर चैकिंग करने पहुंचे विद्युत कंपनी के अधिकारियों से स्थानीय लोगों ने उस समय बदसलूकी कर दी जब वह बिजली चोरी का पंचनामा बना रहे थे. लोगों ने अधिकारी का मोबाइल भी छीन लिया. इसके बाद मोहल्ले के लोगों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर विद्युत कंपनी के अधिकारियों की शिकायत की तो लोगों की बदसलूकी का शिकार बने अधिकारी ने थाना कोतवाली में घटना को लेकर प्रकरण दर्ज कराया है.
शहर के वार्ड क्रमांक 20 के मेवातीपुरा में बीते दिनों विद्युत कंपनी द्वारा स्मार्ट मीटर लगा दिए हैं. बताया जाता है कि बुधवार को विद्युत कंपनी के सहायक यंत्री अतुलेश सिंह अमले के साथ चैकिंग करने पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने एक घर में मीटर से जा रही सर्विस लाईन को चैक किया तो उसमें कट नजर आया. उनके निर्देश पर कर्मचारी ने घर की छत पर जाकर केबल काटी और लेकर नीचे आ गया. तब तक वहां पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई थी. उनके द्वारा कार्रवाई के दौरान घर में कर्मचारी के जाने का विरोध जताया जा रहा था. बताया जाता है कि जब सहायक यंत्री अतुलेश सिंह बिजली चोरी का प्रकरण तैयार करने मोबाइल पर पंचनामा बना रहे थे तभी वहां मौजूद लोगों ने उनके साथ झूमाझटकी कर दी. इतना ही नहीं उनका मोबाइल भी छीन लिया. भीड़ के आक्रोश को देखते हुए विद्युत कंपनी के अधिकारी व अमला वहां से खिसक लिया.
इस पूरे घटनाक्रम के बाद मेवातीपुरा के अनेक रहवासी महिला व पुरूष भीड़ की शक्ल में पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे. इस मौके पर मौजूद एएसपी सुनीता रावत को शिकायती आवेदन देते हुए शाहिद अंसारी, रिजवान बैग और नवेद खां आदि ने बताया कि जब घर में पर्दानशीं महिलाएं मौजूद थीं तो विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारी बलपूर्वक घर में घुस गए और महिलाओं से अभद्र व्यवहार किया. लोगों का कहना था कि विद्युत कंपनी के अमले ने महिलाओं से बदसलूकी भी की. उन्होंने अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग भी की. इधर लोगों की बदसलूकी का शिकार बने सहायक यंत्री ने शाहिद व सलमान नामक युवक व अन्य के खिलाफ प्रकरण दर्ज कराया है. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
