इस्लामाबाद, 11 मार्च (वार्ता) पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में मंगलवार को अलगाववादियों ने एक यात्री ट्रेन पर हमला कर ट्रेन को अपने नियंत्रण में ले लिया और इस हमले में कम से कम छह सैनिकों के मारे जाने की आशंका है।
पाकिस्तानी मीडिया के रिपोर्टों के अनुसार, इस हमले में कई लोग घायल हुये हैं।
मीडिया रिपोर्ट में करीब छह लोगों के मारे जाने और 120 बंधक बनाये जाने की बात कही गयी है और मारे गये व्यक्ति सुरक्षा कर्मी बताये गये हैं।
मीडिया की रिपोर्टों में पकिस्तान के रेलवे अधिकारियों का हवाला देते हुये बताया गया कि जाफ़र एक्सप्रेस ट्रेन बलूचिस्तान प्रांत के क्वेटा से खैबर पख्तूनख्वा के पेशावर जा रही थी, उसपर काछी जिले में हमला किया गया।
अलगाववादी संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने इस हमले की जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि उन्होंने ट्रेन पर सवार लोगों को बंधक बना लिया है जिसमें कई सुरक्षाकर्मी भी शामिल हैं।
बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने एक बयान में कहा, “क्वेटा से पेशावर जा रही जाफ़र एक्सप्रेस ट्रेन पर पीरोकानरी और गदालार के बीच भीषण गोलीबारी की सूचना है।”
उन्होंने कहा कि गोलीबारी एक आतंकवादी घटना हो सकती है और कहा कि जांच चल रही है।

