
सिंगरौली । विंध्यनगर थाना क्षेत्र की जयंत पुलिस चौकी अंतर्गत नेहरू गेट के सामने मेन रोड स्थित एक किराना दुकान में आज सोमवार की सुबह आग लगने से दो लाख रुपये से अधिक कीमत का सामान जलकर खाक हो गया। आग लगने की सूचना पर आसपास के लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद मौके पर पहुंचे एनसीएल परियोजना के दमकल वाहन की मदद से करीब आधे घंटे के भीतर आग पर काबू पा लिया गया। आग लगने का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। दुकान संचालक को आशंका है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी होगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जयंत निवासी 66 वर्षीय हीरालाल गुप्ता पिता स्व. राजरूप गुप्ता ने नेहरू गेट के सामने मेन रोड पर किराना दुकान संचालित करते हैं। आज सोमवार 19 अक्टूबर को सुबह करीब 9 बजे मंदिर से पूजा कर लौटने के बाद जब वह अपनी दुकान पहुंचे, तो वहां काफी तेज आग लगी हुई थी। उन्होंने तत्काल शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। सूचना मिलने पर एनसीएल परियोजना का दमकल वाहन पहुंचा और आग बुझाने में जुट गया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। दुकान संचालक के अनुसार आग से दुकान में रखा आटा, चावल, दाल, रैक, काउंटर, किराना सामग्री और बीबो कंपनी का एक मोबाइल सहित अन्य सामान जल गया। उन्होंने करीब तीन लाख रुपये के नुकसान का अनुमान जताया है। घटना के संबंध में हीरालाल गुप्ता ने जयंत पुलिस चौकी प्रभारी को लिखित आवेदन देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। पुलिस से घटना की जांच कर आग लगने के कारणों का पता लगाने की अपेक्षा की गई है।
००००००
