
पांढुरना, ग्राम बड चिचोली से विलुप्त होते जा रहें वटवृक्षों को सुरक्षित रखने जागरूक ग्रामीणों ने आज ग्राम के प्रसिद्ध फरीद वाटिका में पहुंचकर यहां के वटवृक्षों को रक्षा सूत्र बांधते हुए इन वृक्षों को सुरक्षित रखने का संकल्प लिया।
गौरतलब हो प्रदेश तथा जिले की अंतिम सीमा पर नागपुर-भोपाल राष्ट्रीय राजमार्ग से लगे ग्राम बड़चिचोली में कभी लगभग पांच एकड़ क्षेत्रफल में वट वृक्ष का घना जंगल हुआ करता था। यहां रहने वाले ग्रामीणों के पूर्वज बताते थे कि एक वृक्ष से दूसरा वृक्ष तथा उसकी शाखा से तीसरा वृक्ष इस तरह यहां पर सैकड़ों वट वृक्ष हुआ करते थे ।
लेकिन समय के साथ-साथ यहां से यह वट वृक्ष विलुप्त होते जा रहें है,सिर्फ ग्राम के प्रसिद्ध फरीद गंजे शंकर की वाटिका में ही गिने-चुने वट वृक्ष दिखाई दे रहें है,अब इन वट वृक्षों को सुरक्षित रखने ग्राम के युवा जागरूक पर्यावरण प्रेमियों द्वारा जिस तरह बहनों की सुरक्षा के लिए भाईयों की कलाई पर राखी बांधती है,उसी तर्ज पर शनिवार को ग्राम के सैकड़ों युवाओं ने इन वट वृक्षों की सुरक्षा के लिए इन वट वृक्षों पर रक्षा सूत्र बांधकर उनकी सुरक्षा का संकल्प लिया।
