
रीवा, अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक विजयादशमी दशहरा पर्व परम्परागत तरीके से आज मनाया जायेगा. रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के पुतले का दहन आतिशबाजी के साथ होगा. मुख्य समारोह एनसीसी मैदान में होगा. जहा 55 फुट का रावण तैयार किया गया है. इसी तरह मेघनाथ और कुंभकरण का भी पुतला बनाया गया है. देर शाम तक तैयारी को अंतिम रूप दिया गया है.
रीवा किला में गद्दी पूजन के बाद चल समारोह निकाला जाएगा जो फोर्ट रोड़ होते हुए विभिन्न मार्गो से होकर कार्यक्रम स्थल पहुंचेगा. कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये है. यहा देर रात प्रभु राम की वाण से पुतला दहन होगा. विजयादशमी उत्सव समिति के पदाधिकारी दिन भर व्यवस्थाओं में जुटे रहे. बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म के साथ असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक दशहरा रीवा में अपनी परम्परा के अनुसार मनाया जाएगा. शुभ मुहूर्त में शस्त्र पूजन होगा और किला में कार्यक्रम के बाद चल समारोह निकाला जाएगा. जगह-जगह व्यापारियों द्वारा स्वागत भी किया जायेगा.
माँ कालिका के दर्शन के लिये उमड़ी भीड़
नवमी के दिन रानी तालाबा स्थित माँ कालिका मंदिर में दर्शन के लिये सुबह से लेकर देर रात तक भक्तों का तांता लगा रहा. सोलह श्रृंगार में मातारानी ने सभी को दर्शन दिये. सुबह और शाम को सबसे ज्यादा भीड़ रही. पुलिस की मौजूदगी में एक-एक कर भक्तों ने मातारानी के दर्शन किये. इसी तरह गोविंदगढ़ स्थित खंधो मंदिर में माँ कालिका के दर्शन के लिये दूरदराज से लोग पहुंचे. दुर्गा पंडालों में भी कन्या पूजन के साथ मातारानी के दर्शन के लिये लोग पहुंचते रहे. अंतिम दिन के कारण नवमी को सबसे ज्यादा भीड़ दुर्गा पंडालों में देखने को मिली. पंडालों को आकर्षक लाइटिंग के साथ सजाया गया है. देर रात तक लोगो की भीड़ दुर्गा पंडालों में लगी रही.
गरबा डांडिया की मची धूम
शहर में अलग-अलग स्थानों पर गरबा डांडिया का मंच सजाया गया है. जहा रंग बिरंगे परिधान में युवक-युवतियां गरबा डांडिया खेले. कला संस्कृति और परम्परा की मिशाल मंच में देखने को मिली. मधुर गीतों पर देर रात तक लोग झूमते रहे.
गरबा की मनमोहक छटा से भक्तिमय हुआ मंच
भक्ति की स्वर लहरियों, गरबा-डांडिया की थिरकन और झांकी गरबा की मनोहारी प्रस्तुतियों से रविवार को कृष्णा राजकपूर ऑडिटोरियम प्रांगण भक्तिमय हो उठा. हिन्दू उत्सव समिति धर्म परिवार द्वारा आयोजित छह दिवसीय गरबा महोत्सव में अष्टमी के अवसर पर कलाकारों ने माता जगदम्बे की आराधना करते हुए भारतीय संस्कृति और लोकपरंपराओं की अनुपम छटा बिखेरी. आकर्षक वेशभूषा, भावपूर्ण नृत्य और जीवंत धार्मिक झांकियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. सिरमौर विधायक ने कहा रीवा की गंगा-जमुनी संस्कृति को मजबूत कर रहा गरबा महोत्सव मुख्य अतिथि सिरमौर विधायक दिव्यराज सिंह ने धर्म परिवार अध्यक्ष गुरमीत सिंह मंगू के नेतृत्व में आयोजित ऐतिहासिक गरबा महोत्सव की मुक्तकंठ से प्रशंसा की.
