खंडवा:ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में व्यवस्थाओं में लगातार सुधार हो रहा है। मंदिर ट्रस्ट द्वारा शुरू की गई “ई-आराधना” और “शीघ्र दर्शन” की ऑनलाइन सुविधा से श्रद्धालुओं को बड़ा लाभ मिल रहा है। अब भक्तगण पंचामृत पूजन, लघु रुद्राभिषेक, नवग्रह शांति जाप, जलाभिषेक, पार्थेश्वर पूजन, कालसर्प दोष पूजा, महामृत्युंजय जाप, श्री चिंतामणि पार्थेश्वर पूजन जैसे अनुष्ठानों में घर बैठे ही शामिल हो सकते हैं। कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने बताया कि श्रद्धालु मंदिर की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर तिथि और समय बुक कर सकते हैं और निर्धारित समय पर वीडियो लिंक से पूजन में भाग ले सकते हैं।
एसडीएम पुनासा शिवम प्रजापति ने बताया कि श्रावण मास के पहले सोमवार को 2925 टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग से 8.77 लाख रुपये की आय हुई। वेबसाइट के माध्यम से अब तक 1.45 लाख से अधिक श्रद्धालु शीघ्र दर्शन की सुविधा का लाभ ले चुके हैं। ई-आराधना के तहत विभिन्न पूजाओं और विश्रामालय बुकिंग के भी अच्छे परिणाम सामने आए हैं। पहले जहां कर्मचारियों पर पक्षपात के आरोप लगते थे, वहीं अब पारदर्शिता और व्यवस्था में सुधार हुआ है। ऑनलाइन सुविधा से मंदिर प्रबंधन की आय में भी निरंतर वृद्धि हो रही है।
