मुंबई, (वार्ता) महाराष्ट्र में वरिष्ठ नेता शशिकांत शिंदे को शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) का महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
यह निर्णय पूर्व प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटिल के इस्तीफे के बाद आया है। श्री शिंदे की नियुक्ति आज यहां हुई एक महत्वपूर्ण पार्टी बैठक में सर्वसम्मति से की गई।
श्री शिंदे की नियुक्ति का प्रस्ताव जयंत पाटिल ने स्वयं औपचारिक रूप से रखा जिससे पार्टी में नेतृत्व परिवर्तन का संकेत मिलता है। शरद पवार के एक वफादार और विश्वसनीय सहयोगी के रूप में जाने जाने वाले शशिकांत शिंदे, एनसीपी की स्थापना के समय से ही पार्टी से जुड़े रहे हैं और पार्टी विभाजन के बाद भी श्री पवार के साथ बने रहे।
जवाली तालुका के हमगांव के मूल निवासी श्री शिंदे का जन्म 19 अक्टूबर, 1963 को हुआ था। उनके पास वाणिज्य में डिग्री है और वे श्रमिक आंदोलनों में अपने प्रभावी नेतृत्व के लिए जाने जाते हैं।
