भोपाल। सहभागी पुलिसिंग को मजबूती देने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पुलिस ने रीवा जोन के सभी जिलों में “जन चौपाल: आपकी पुलिस आपके द्वार” अभियान का व्यापक आयोजन किया। इस पहल के तहत पुलिस अधिकारियों ने सीधे नागरिकों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रयास किया।
कार्यक्रम रीवा, सीधी, सतना, सिंगरौली, मऊगंज और मैहर जिलों के 141 थाना एवं चौकी क्षेत्रों में एक साथ आयोजित किया गया। यह पहल पुलिस महानिरीक्षक गौरव राजपूत एवं उप पुलिस महानिरीक्षक हेमंत चौहान के निर्देशन में सम्पन्न हुई। वरिष्ठ अधिकारियों, पुलिस अधीक्षकों एवं थाना प्रभारियों ने गांवों और शहरी वार्डों में पहुंचकर आमजन की शिकायतें सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही निराकरण किया।
इस समुदाय आधारित पहल में प्रत्यक्ष संवाद, तकनीक आधारित निगरानी और सार्वजनिक सुरक्षा में सामूहिक जिम्मेदारी पर जोर दिया गया। जन-चौपाल में अवैध नशीले पदार्थों की रोकथाम, साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन ठगी की रोकथाम तथा महिलाओं की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर विशेष चर्चा की गई।
जिलों में कार्यक्रम को व्यापक जनसमर्थन मिला। सीधी में 2500 से अधिक नागरिकों ने भाग लिया, जबकि सतना में आधे से अधिक शिकायतों का मौके पर समाधान हुआ। सिंगरौली में शिकायतों के व्यवस्थित निपटारे के लिए अलग रजिस्टर की व्यवस्था की गई।
अधिकारियों ने बताया कि जन-चौपाल अब प्रत्येक माह के अंतिम मंगलवार को आयोजित की जाएगी, जिससे पुलिस और जनता के बीच विश्वास, जवाबदेही और सहयोग को और सुदृढ़ किया जा सके।
