नयी दिल्ली, 15 जुलाई (वार्ता) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से भेंट की और राज्य के ऋषिकेश एम्स से संचालित एयर एम्बुलेंस सेवा के विस्तार के साथ ही पहाड़ी और दुर्गम क्षेत्रों में आपातकालीन सेवाओं के लिए एक अतिरिक्त हेलीकॉप्टर उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री धामी ने श्री नड्डा से आयुष्मान भारत योजना के तहत प्रति एसईसीसी परिवार केंद्रीय योगदान को 1052 से बढ़ाकर 1500 रुपये करने का आग्रह करने के साथ ही चार धाम यात्रा में एम्स के विशेषज्ञों के योगदान और स्नातकोत्तर डॉक्टरों के रेजिडेंसी में यात्रा ड्यूटी सम्मिलित करने के लिए आभार व्यक्त किया।
श्री धामी ने केन्द्रीय मंत्री को अवगत कराया कि राज्य में दो नए मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। इसी क्रम में जगजीवन राम मेडिकल कॉलेज, पिथौरागढ़ और पं. राम सुमेर शुक्ल मेडिकल कॉलेज, रुद्रपुर, शैक्षणिक वर्ष 2026-27 से शिक्षण कार्य प्रारंभ करने के लिए नेशनल मेडिकल कमीशन/केन्द्र सरकार के पास आवेदन करेंगे। उन्होंने इन दोनों मेडिकल कॉलेज के संचालन के लिए आवश्यक मंजूरी प्रदान करने के साथ ही, टिहरी हाइड्रो डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (टीएचडीसी) के सहयोग से निर्माणाधीन टिहरी मेडिकल कॉलेज की भी आवश्यक अनुमतियां शीघ्र प्रदान करने का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में अत्याधुनिक ट्रॉमा सेंटर की स्थापना और उसके सुचारु संचालन के लिए केन्द्र सरकार से तत्काल सहायता का अनुरोध करते हुए कहा कि यह पहल न केवल स्थानीय आबादी के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि चार धाम यात्रा मागों और आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों से गुजरने वाले तीर्थयात्रियों और पर्यटकों के लिए भी जीवन रक्षक साबित होगी।
केंद्रीय मंत्री नड्डा ने मुख्यमंत्री धामी को हर सम्भव सहयोग के प्रति आश्वस्त किया।
