
विदिशा। नगर पालिका में चल रही पार्षदों की खींचतान और नपाध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने को लेकर पार्षदों और नपाध्यक्ष की दौड़ भोपाल लग रही है. पहले जहां डेढ़ दर्जन पार्षद केन्द्रीय मंत्री शिवराजसिंह चौहान से मिलने पहुंचे थे. जहां से उन्हें संगठन मंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का रास्ता बता दिया गया था.जिसके बाद सोमवार को नगर पालिका अध्यक्ष प्रीति राकेश शर्मा और उपाध्यक्ष संजय दिवाकीर्ति के नेतृत्व में करीब 1 दर्जन पार्षद भोपाल पहुंचे थे. जहां पर उन्होंने संगठन मंत्री और प्रदेश अध्यक्ष से भी मुलाकात की है.जहां से उन्हें भरोसा दिलाया गया किया पूरे मामले पर नजर रखी जा रही है. पार्षदों की बैठक कर मामले को जल्द की सुलझा लिया जायेगा. बताया गया कि अभी सीएम मोहन यादव विदेश यात्रा पर हैं उनके आने पर ही नपा की इस घमासान पर ब्रेक लग सकता है.
पार्षद प्रतिनिधि अखिलेश राजपूत ने कहा कि कुछ समय पूर्व इंदौर से पोस्ट किए गए पत्र की शिकायत का भी अभी तक कुछ नहीं हुआ है और वहीं हमारे पार्षद साथियों की दुर्घटना के संबंध में भी अभी तक पुलिस प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई है जिससे पुलिस प्रशासन भी संदेह के घेरे में है.
अखिलेश ने कहा कि चारों तरफ कैमरे लगे होने के बाद भी पुलिस अभी तक दुर्घटना करने वाली गाड़ी को तलाश नहीं कर पाई है यदि 24 घंटे के भीतर ठोस कार्यवाही नहीं होती है तो हम महिला पार्षदों के साथ भोपाल पहुंचकर वरिष्ठ अधिकारियों सहित मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे.
24 घंटे का दिया अल्टीमेटम
ज्ञापन के माध्यम से बताया कि शनिवार-रविवार की रात में एक चार पहिया वाहन द्वारा मोटरसाइकिल से आ रहे दो पार्षदों को टक्कर मारकर घायल कर दिया है. इस मामले की जांच करने की मांग ज्ञापन के माध्यम से की गई.सोमवार को बड़ी संख्या में पार्षद और नपाध्यक्ष प्रतिनिधि कलेक्टोरेट पहुंचे और एसपी रोहित काशवानी को आवेदन देकर आरोपियों पर कार्रवाई करने की मांग की.
शनिवार-रविवार की रात्रि करीब 2 बजे वार्ड नंबर 24 के पार्षद धर्मेंद्र सक्सेना और वार्ड नंबर 23 के पार्षद प्रतिनिधि जमुना कुशवाह अपनी मोटर साइकिल से पुरानी गल्ला मंडी से लड्डा एजेंसी वाली गली से आ रहे थे. इसी दौरान पीछे से आ रही तेज गति से एक चार पहिया वाहन द्वारा उन्हें टक्कर मारकर घायल कर दिया. उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि पहले से घात लगाए बैठे चार पहिया वाहन चालक पार्षदों के आने का इंतजार कर रहे थे और जैसे ही वह गली से निकले हैं उनको पीछे से तेज रफ्तार से टक्कर मार दी. उन्होंने कहा कि आरोपियों द्वारा ऐसा प्रतीत होता है कि जैसे उन्हें जानबूझकर टक्कर मारी गई है.इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष संजय दिवाकीर्ति, शैलेंद्र भदोरिया, राजेश जैन, दीपक कुशवाहा, अखिलेश राजपूत, राजू दांगी, संजय अग्रवाल, राजेश लोधी सहित बड़ी संख्या में अन्य पार्षद प्रतिनिधि मौजूद थे. पार्षद प्रतिनिधि अखिलेश राजपूत ने कहा कि ज्ञापन देने के दौरान पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है. इस दरमियान आरोपियों को गिरफ्तार किया जाये नहीं तो पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की जायेगी.
