नयी दिल्ली, 14 जुलाई (वार्ता) आम आदमी पार्टी(आप) ने दिल्ली की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के मुख्यमंत्री और मंत्रियों के लिए लाखों रुपए के मोबाइल फोन खरीदने के किए गए फैसले पर कड़ी आपत्ति जताई है।
आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने आज कहा कि भाजपा सरकार दिल्लीवालों की चिंता छोड़ अपने मंत्रियों के लिए लाखों रुपए के मोबाइल फोन खरीदने जा रही है। भाजपा को अपने मुख्यमंत्री और मंत्रियों के लिए 1.50 और 1.25 लाख रुपए का फोन और अनलिमिटेड बिल का ऑर्डर निकालने में जरा भी देर नहीं लगी, लेकिन महिलाओं को 2500 रुपए देने के लिए कमेटी बना दी। सरकार को मंत्रियों के फोन के लिए भी कमेटी बनानी चाहिए थी।
उन्होंने कहा कि दिल्ली की लाखों महिलाओं को भाजपा ने वादा किया था कि आठ मार्च से पहले उनके खातों में हर महीने 2500 रुपए आने शुरू हो जाएंगे। वह पैसा तो आया नहीं, उल्टा उसके लिए एक कमेटी बना दी गई। वह कमेटी बस बैठक-बैठक खेल रही है और अभी तक पैसे का कोई अता-पता नहीं है।
आप नेता ने कहा कि जब खुद के लिए महंगे फोन लेना हो और अनलिमिटेड बिल का आदेश निकालना हो तो वह तुरंत पारित हो गया। इसके लिए भी भाजपा एक समिति बना लेती।
