
गुना। सावन महीने के पहले सोमवार को शहर के शिवालयों में हर-हर महादेव, जय ओम शिवकारा की गूंज सुनाई दी। अल सुबह से ही श्रद्धालुओं की मंदिरों में खासी भीड़ रही। वहीं शिव मंदिरों के साथ अन्य मंदिरों पर भी दिन भर भक्तों का तांता लगा रहा है। साथ ही अंचल के सभी प्रमुख शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। गौरतलब है कि इस बार सावन में अधिमास है। सावन माह के पहले सोमवार को शहरभर के शिव मंदिरों में शिवलिंगों का दूध, जल से अभिषेक किया गया। शिवलिंगों को पुष्प, बेल पत्र, आंक, धतूरे से सजाकर महाआरती की गई। इस दौरान मंदिरों में घंटी, घडियाल, शंख व झालर के बीच भोलेनाथ के उद्घोष से माहौल भक्तिमय बना रहा।
शहर के पशुपतिनाथ महादेव मंदिर, जिला अस्पताल परिसर स्थित शिवालय, कोटेश्वर महादेव, हनुमान चौराहा मंदिर, जाटपुरा, हनुमान चौराहा, जयस्तंभ चौराहा, गोपाल मंदिर के अलावा जिले के प्राचीन केदारनाथ धाम, गादेर मंदिर, मुहालपुर एवं चांचौड़ा स्थित बाघबागेश्वर आदि अन्य शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। हालांकि इस दौरान केदारनाथ धाम पर गुफा में पहुंचकर श्रद्धालु जल नहीं चढ़ा सके। प्रशासन ने बाहर ही एलईडी पर दर्शन की व्यवस्था की। कई लोगों ने पंडितों की मौजूदगी में शिव महाभिषेक किया। महामृत्युंजय के जाप शुरू हुए तथा रुद्राभिषेक किया गया। वहीं सावन मास में एक महीने तक प्रत्येक शिव मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना का दौर चलेगा। सावन के पहले सोमवार को शहर के हनुमान चौराहा, जयस्तंभ चौराहा एवं अस्पताल मंदिर परिसर स्थित शिव मंदिर में हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ की पूजा अर्चना की। मंदिर में भोले के दर्शन करने के लिए सुबह 5 बजे से ही लंबी-लंबी लाइन दोपहर तीन बजे तक लगी रही। वहीं मंदिर परिसर में कोई अप्रिय घटना घटित न हो इसके लिए पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
