औद्योगिक क्षेत्र की प्लास्टिक फैक्ट्री में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान


गुना: शहर के औद्योगिक क्षेत्र में बीती रात एक प्लास्टिक पाइप और डिस्पोजल निर्माण फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि उसने देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत रही कि समय रहते प्रशासनिक अमला और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंच गए, जिससे आग को आसपास की अन्य फैक्ट्रियों तक फैलने से रोक लिया गया, वरना एक बड़ा औद्योगिक हादसा हो सकता था।

घटना की सूचना मिलते ही नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अरविंद गुप्ता और उनके सुपुत्र बिना समय गंवाए तुरंत मौके पर पहुंच गए। उन्होंने हालात की गंभीरता को देखते हुए तत्काल फायर ब्रिगेड को कॉल किया और खुद खड़े रहकर आग बुझाने के प्रयास शुरू करवाए। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि फायर ब्रिगेड की गाड़ियां कम पड़ रही थीं। दमकल वाहनों को पानी के लिए बार-बार रिफिलिंग करने दूर न जाना पड़े और आग बुझाने का काम लगातार जारी रहे, इसके लिए अरविंद गुप्ता ने तत्काल नगरपालिका के पानी के टैंकरों को भी मौके पर तैनात करवा दिया।

पूरी नगरपालिका की टीम और दमकल अमला मुस्तैदी से आग पर काबू पाने में जुट गया, जिसके बाद कड़ी मशक्कत के बाद लपटों पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। यह फैक्ट्री हरीश रतरा की बताई जा रही है, जहां प्लास्टिक के पाइप और डिस्पोजल आइटम बनाए जाते थे। प्लास्टिक सामग्री होने के कारण आग ने बेहद तेजी पकड़ी। फैक्ट्री मालिक के शुरूआती अनुमान के मुताबिक, इस आगजनी में लगभग 50 लाख रुपये के आसपास का माल और मशीनें जलकर खाक हो गई हैं, हालांकि नुकसान का सही और सटीक आकलन होना अभी बाकी है।
बड़ा हादसा टलने पर फैक्ट्री मालिक हरीश रतरा, उद्योग एवं व्यापार महासंघ के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अरविंद गुप्ता, उनके सुपुत्र और पूरी नगरपालिका टीम का सहृदय आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि अगर गुप्ता जी और उनकी टीम सही समय पर टैंकरों और फायर ब्रिगेड के साथ मोर्चा नहीं संभालती, तो आग आसपास की अन्य फैक्ट्रियों को भी अपनी चपेट में ले लेती, जिससे नुकसान का दायरा कई गुना बढ़ सकता था। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Next Post

मंत्री सारंग की दोटूक: जनहित के मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

Wed Jun 17 , 2026
भोपाल: जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान पेंशन की शिकायत को लेकर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग सख्त नजर आए। नरेला विधानसभा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-59 स्थित अन्ना नगर की महिलाओं ने मंत्री से मुलाकात कर बताया कि पात्र होने के बावजूद उन्हें पेंशन योजना का लाभ नहीं मिल रहा […]

You May Like