नवनियुक्त राज्यपालों को है, लंबा राजनीतिक-प्रशासनिक अनुभव

नयी दिल्ली, 14 जुलाई (वार्ता) हरियाणा, गोवा और केन्द्र शासित प्रदेश लद्दाख के लिए सोमवार को नवनियुक्त राज्यपाल और उप राज्यपाल क्रमश: प्रो असीम कुमार घोष, अशोक गजपति राजू और कवीन्द्र गुप्ता काे राजनीतिक एवं प्रशासनिक क्षेत्र में लंबा अनुभव है।
हरियाणा के नवनियुक्त राज्यपाल प्रो घोष वरिष्ठ राजनीतिज्ञ और शिक्षाविद हैं। वह पश्चिम बंगाल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष रह चुके हैं। राजनीति विज्ञान के प्रोफेसर रहे श्री घोष 1991 में भाजपा में शामिल हुए और 1999 से 2002 तक पश्चिम बंगाल भाजपा के अध्यक्ष रहे। उनके नेतृत्व में पार्टी ने राज्य में आम जनता के बीच जड़ें फैलायीं। पार्टी ने उन्हें राज्य के बाहर भी जिम्मेदारी सौंपी, वह 2003 से 2005 तक त्रिपुरा के लिए भाजपा के पर्यवेक्षक रहे और पूर्वोत्तर राज्य में पार्टी के संगठनात्मक विकास में योगदान किया। उन्होंने लोकसभा का पिछला चुनाव हावड़ा पश्चिम सीट से लड़ा था।
श्री अशोक गजपति राजू विजयनगरम रियासत के अंतिम महाराजा के पुत्र हैं। उन्हें केन्द्र और राज्य सरकार के मंत्री के रूप में काम करने का लंबा अनुभव है। उन्होंने 1978 में जनता पार्टी के टिकट पर पहली बार अविभाजित आंध्र प्रदेश की विजयनगरम सीट पर जीत हासिल की थी। साल 1982 में तेलुगू देशम पार्टी के गठन के बाद वह उसमें शामिल हो गये और इसी पार्टी के टिकट पर 1983, 1985, 1989, 1994, 1999 और 2009 के राज्य विधानसभा चुनाव जीता। श्री गजपति राजू ने 2014 में विजयनगरम लोकसभा सीट का चुनाव जीता।
वह 13 वर्षों तक आंध्र प्रदेश सरकार में मंत्री रहे। तेलुगु देशम पार्टी के पोलित ब्यूरो सदस्य श्री गजपति राजू राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन मंत्रिमंडल में मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में नागरिक उड्डयन मंत्री थे। आंध्र प्रदेश को विशेष
दर्जा देने के मामले उन्होंने आठ मार्च 2018 को इस्तीफा दे दिया था।
जम्मू-कश्मीर के वरिष्ठ राजनेता एवं लद्दाख के नवनियुक्त राज्यपाल श्री गुप्ता विश्व हिन्दू परिषद के पुराने समर्पित कार्यकर्ता रहे हैं। वह आपात काल में जेल में भी रहे थे।
उन्होंने विश्व हिंदू परिषद की पंजाब इकाई और भारतीय युवा मोर्चा में भी काम किया। श्री गुप्ता 2005 से 2010 तक लगातार तीन बार जम्मू शहर के महापौर रहे। साल 2014 के जम्मू- कश्मीर विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की। वह बाद में विधानसभा अध्यक्ष चुने गये। साल 2018 में श्री गुप्ता को जम्मू- कश्मीर मंत्रिमंडल में फेरबदल के तहत जम्मू और कश्मीर राज्य का उपमुख्यमंत्री नियुक्त किया गया। साल 2018 में भाजपा और पीडीपी गठबंधन टूटने पर उन्होंने पद से इस्तीफा दे दिया था।

Next Post

मोदी ने सरोजा देवी के निधन पर जताया शोक

Mon Jul 14 , 2025
नयी दिल्ली, 14 जुलाई (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को पद्म भूषण से सम्मानित कन्नड़ फिल्मों की अभिनेत्री बी. सरोजा देवी के निधन पर शोक जताया। श्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “जानी-मानी फिल्मी हस्ती बी. सरोजा देवी जी के निधन से दुःखी […]

You May Like

मनोरंजन