भोपाल:आम आदमी पार्टी के नेताओं ने भोपाल में अव्यवस्था को लेकर विरोध प्रदर्शन किया. शहर में बारिश के दिनों खराब सड़कों और नालियों की सफाई नहीं होने के आरोप को लेकर नाराजगी जाहिर की गई. इस दौरान बेस्ट प्राइस भोपाल मेमोरियल अस्पताल चौराहे से करोंद मण्डी के गेट तक आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकाला. विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़कों के गड्डे भरवाने के लिए भोपाल कलेक्टर के नाम से निशातपुरा थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा गया.
इस अवसर पर संगठन मंत्री सज्जन सिंह परमार ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा की पार्टी के सभी कार्यकर्ता अपने अपने क्षेत्र मे जनता के लिए रोड़, नाली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए मुद्दे उठाकर प्रशासन को अवगत कराने के लिए कार्य करें.
जिला अध्यक्ष सी पी सिंह चौहान ने ज्ञापन सौंपते हुए प्रशासन से मांग की है कि भोपाल की कई सड़के जर्जर हो चुकी है.जिसके कारण राहगीरों को आने, जाने मे बहुत परेशानी होती है. वाहन स्लिप होकर गिरने से दुर्घटना होने की संभावना बनी रहती है. उन्होंने कहा कि नगर निगम एवं जिला प्रशासन सड़कों के गड्ढों को जल्दी से भरवाएं. इस मौके पर पार्टी के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे.
