सीहोर: सब्जी मंडी स्थित श्री सिद्ध हनुमान मंदिर की दानपेटी को कटर से काटते हुए उसमें रखी हजारों रुपए की दानराशि पर हाथ साफ कर दिया. इससे ठीक एक दिन पहले बिजलीघर चौराहे स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर की दानपेटी काटकर भी चोर नगदी पर हाथ साफ कर गए थे. कोतवाली पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर चोरों की तलाश प्रारंभ कर दी है.
शहर में आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने वाले तत्वों की नजर से अब भगवान के मंदिर भी महफूज नहीं हैं.शहर के व्यस्ततम नमक चौराहा स्थित प्राचीन श्री सिद्ध हनुमान मंदिर पर एक चोर ने धावा बोला. बताया जाता है कि मंदिर के मुख्य द्वार से अंदर जाने के लिए चोर ने पहले अपने पास रखी चाबी से ताला खोलने की कोशिश की, लेकिन जब सफलता नहीं मिली तो उसने ताला तोड़ा और अंदर दाखिल हो गया.
सूत्रों की मानें तो चोर मंदिर के चप्पे- चप्पे से वाकिफ था. तभी वह मंदिर के प्रथम तल पर गया और वहां एक कमरे का ताला तोड़कर उसमें रखी कटर मशीन उठाकर नीचे लाया और उसे बिजली के बोर्ड में लगाकर वहां रखी दानपेटी को काटने लगा. लगभग आधे घंटे की कयावद के बाद उसने दानपेटी में इतनी जगह बना ली कि आसानी से उसका हाथ अंदर जा सके. इसके बाद उसने दानपेटी में रखी दानराशि को समेटा और चलता बना. सुबह जब लोगों ने मंदिर के दरवाजे खुले देखे तो मंदिर समिति अध्यक्ष कमलेश अग्रवाल कम्मू भैया को सूचना दी. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.
मौके पर पहुंची पुलिस ने जब मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों को चैक किया तो उसमें चोर की करतूत साफ नजर आई. रात दो से तीन बजे के बीच इस वारदात को अंजाम देने के बाद चोर लगभग पचास हजार रुपए की दान राशि लेकर रफूचक्कर हो गया. बताया जाता है कि लगभग दो साल पूर्व भी चोरों ने मंदिर की दानपेटी के ताले चटकाकर उसमें रखी दानराशि पर हाथ साफ कर दिया.पुलिस ने चोर के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश प्रारंभ कर दी है. मामले में थाना प्रभारी रविन्द्र यादव का कहना है कि सीसीटीवी कैमरे में दिख रहे चोरी के आरोपी को पुलिस शीघ्र गिरफ्तार कर लेगी. फिलहाल चोरी की वारदात को देखते हुए लोगों में आक्रोश बना हुआ है.
