सीहोर. अमानक स्तर की फफूंदनाशक दवा बनाने वाली कंपनी यूनिवर्सल एग्रो केमिकल इंडस्ट्रीज की सभी कीटनाशक, फफूंदनाशक दवाओं सहित सभी उत्पादों की जिले में बिक्री, भंडारण, वितरण और उपयोग पर प्रतिबंध लगा दिया गया है. इसके साथ ही किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के उपसंचालक अशोक कुमार उपाध्याय ने इस संबंध में विभाग के संचालक को दवा की बिक्री को संपूर्ण राज्य में प्रतिबंधित करने के लिए पत्र भी लिखा है. गौरतलब है कि कंपनी द्वारा उत्पादित फफूंदनाशक के उपयोग के संबंध में किसानों द्वारा शिकायत प्राप्त हुई है. किसानों ने बताया है कि इस दवा के प्रयोग के बाद सोयाबीन की फसल में अंकुरण के उपरांत फसल की बढ़वार नहीं हुई और पूरी फसल नष्ट हो गई. जिससे किसानों को भारी आर्थिक हानि हुई है. निर्माता कंपनी को किसानों की समस्या के निराकरण के लिए कई बार संपर्क किया गया. पर कंपनी ने कोई रुचि नहीं ली. नतीजतन दवा कंपनी यूनिवर्सल एग्रो केमिकल इंडस्ट्रीज पर कार्रवाई की गई है.
अमानक दवा कंपनी के उत्पादों पर प्रतिबंध
