
सुसनेर। भूतभावन भगवान शिवजी का सबसे प्रिय माह सावन शुक्रवार से शुरू हो गया. इसके पहले दिन सुसनेर समेत क्षेत्र के तमात शिवालयो में अलसुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा. कहीं पर अनुष्ठान शुरू हुए तो कहीं पर अभिषेक करते हुए श्रृद्धालुओं ने मंगल कामनाएं की.
नगर के मेला ग्राउंड स्थित श्री ओंकारेश्वर महादेव और नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर में 30 दिवसीय महारूद्राभिषेक की शुरूआत भी की गई. यहां श्रद्धालुओं और शिवभक्तों के पहले दिन महारूद्राभिषेक करते हुए क्षेत्रवासियो की सुख समृद्धि की कामना की. पहले दिन पंडित गोविंद शर्मा और पंडित ब्रह्मप्रकाश भट्ट के द्वारा संकल्प दिलवाकर के वैदिक मंत्रोउच्चार के साथ विधिविधान से अभिषेक सम्पन्न करवाया. उसके बाद आरती कर प्रसादी का वितरण भी किया गया. इसी के साथ ही डाक बंगला रोड पर स्थित श्री मनकामनेश्वर महादेव मंदिर, जयेश्वर महादेव, श्रीराम जानकी मंदिर, महादेव घाट, सत्यनारायण गली स्थित मनकामनेश्वर महादेव मंदिर, पुलिस कालोनी स्थित शिव मंदिर, मोरूखेडी स्थित शिव मंदिर, पंचदेहरीया महादेव मंदिर व ताखला के समीप त्रिवेणी संगम पर स्थित तारकेश्वर महादेव मंदिर समेत क्षेत्र के तमाम शिवालयों में भी अलसुबह से ही भगवान शिव की पूजा-अर्चना करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ रही.
