
भौरा। नेशनल हाईवे-46 पर कुंडी में अधूरे सड़क निर्माण के बावजूद शुरू की गई टोल वसूली के विरोध में गुरुवार को कुंडी टोल प्लाजा पर एक दिवसीय सांकेतिक धरना दिया गया। टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में आने वाले दर्जनों गांवों के सैकड़ों ग्रामीणों ने इसमें हिस्सा लिया। धरना के पश्चात ग्रामीणों ने एसडीएम अभिजीत सिंह और एनएचएआई के तकनीकी सलाहकार वेद प्रकाश को कलेक्टर व सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के नाम ज्ञापन सौंपा।
धरना स्थल पर एसडीओपी मयंक तिवारी व शाहपुर थाना प्रभारी मुकेश ठाकुर पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से कानून व्यवस्था बनाए रखी गई।
धरना का नेतृत्व कर रहे जयस संरक्षक राजा धुर्वे ने कहा, जब तक नेशनल हाईवे का निर्माण पूरा नहीं हो जाता, टोल वसूली पूरी तरह बंद की जाए। आसपास के ग्रामीणों को टोल से फ्री किया जाए क्योंकि यहां के आदिवासी मूलतः कृषक हैं, जिन्हें दिन में कई बार शाहपुर, भौरा जैसे नगरों की ओर आना-जाना पड़ता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन तेज कर चक्का जाम किया जाएगा।
ग्राम पंचायत कुंडी के सरपंच वीरेंद्र उईके द्वारा भी ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें लिखा है कि पंचायत क्षेत्र के ग्रामीण शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, व सरकारी कार्यालयों के कार्यों के लिए दिन में तीन-चार बार आवाजाही करते हैं। ऐसे में टोल वसूली से उन्हें भारी आर्थिक व मानसिक परेशानी होती है। साथ ही पंचायत ने सभी निजी व कृषि वाहनों को टोल फ्री करने की मांग की है।
एनएचएआई के तकनीकी सलाहकार वेद प्रकाश ने कहा कि ग्रामीणों की मांगों को संज्ञान में लेते हुए उसे दिल्ली मुख्यालय तक पहुंचाया जाएगा और उच्च अधिकारियों के निर्णय के बाद ही अगला कदम उठाया जाएगा।
