पिपरिया। पिछले 24 घंटों से मूसलाधार बारिश जारी है। भारी बारिश के कारण क्षेत्र के अधिकांश पुल-पुलिया डूब गए हैं। इससे कई मार्गों पर आवागमन भी प्रभावित हुआ है।
पिपरिया-जबलपुर स्टेट हाईवे की पलिया प्लांट लिंक पुलिया पानी में डूब गई है। सिटी थाना प्रभारी गिरीश त्रिपाठी ने बताया कि ट्रैफिक को शहर के अंदर से डायवर्ट किया गया है। बनखेड़ी-चांदोन मार्ग पर शंखनी ग्राम का पुल भी डूब गया है।
हथवास गांव के रपटे तक पहुंचा पानी
स्थानीय किसान भोजपाल चौधरी ने बताया कि पानी शंखनी पुल के ऊपर से बह रहा है। हथवास गांव के रपटे तक पानी पहुंच गया है। निचली बस्तियों में पानी घरों में घुस गया है। नगर की मछवासा नदी की पुलिया भी डूबने की कगार पर है।
श्रद्धालुओं को सीताराम घाट पर सावधानी बरतने के निर्देश
सांडिया शिवनी में 16 फीट ऊंचे नर्मदा पुल पर 9 फीट तक पानी बह रहा है। हालांकि आवागमन सुचारू है। चौकी प्रभारी किशन उइके पुलिस टीम के साथ स्थिति पर नजर रख रहे हैं। श्रद्धालुओं को सीताराम घाट पर सावधानी बरतने के निर्देश दिए जा रहे हैं।तहसीलदार वैभव बैरागी ने बताया कि सभी ग्राम कोटवार, पटवारी को अलर्ट किया गया है। लगभग छह गांवों में एक दर्जन कच्चे मकान गिर गए हैं। हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई है।
मानसून सीजन में जिले में मंगलवार तक सर्वाधिक बारिश बनखेड़ी में 658 मिलीमीटर (25.91 इंच) दर्ज की गई है। पिपरिया में कुल 491 मिलीमीटर (19.33 इंच) और पचमढ़ी में 474 (18.66 इंच) मिलीमीटर बारिश हो चुकी है।
