
मंडला जिले में भारी बारिश के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। घुघरी के मोहगांव में एक कार पुल से नीचे बह गई, हालांकि उसमें सवार तीनों लोग सुरक्षित बाहर निकल आए।
मोहगांव थाना प्रभारी वेदराम हनोते ने आज 8 जुलाई को 4 बजे जानकारी देते हुए बताया कि घुघरी निवासी निशांत लखेरा अपनी कार से घुघरी से मोहगांव किसी काम से जा रहे थे। रास्ते में एक पुल पर पानी का बहाव अत्यधिक होने के कारण उनकी कार अचानक पुल से नीचे बह गई।
घटना के समय कार में तीन लोग सवार थे। सभी ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तत्काल कार के गेट खोलकर किसी तरह बाहर निकलने में कामयाब रहे और तैरकर सुरक्षित पानी से बाहर आ गए। थाना प्रभारी हनोते ने पुष्टि की है कि कार में सवार तीनों लोग पूरी तरह स्वस्थ हैं।
यह घटना एक बार फिर बरसाती मौसम में उफनते नदी-नालों और पुलों को पार करते समय सावधानी बरतने की आवश्यकता को रेखांकित करती है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसे मौसम में विशेष सतर्कता बरतें और जलमग्न पुलों को पार करने से बचें।
