कोटा, 07 जुलाई (वार्ता) लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाड़े को समाज के सबसे वंचित और ज़रूरतमंद व्यक्ति के कल्याण का संकल्प बताते हुए कहा है कि इससे अंत्योदय के संकल्प के साथ अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंच रहा हैं।
श्री बिरला सोमवार को कोटा जिले के सांगोद में पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाड़े के तहत आयोजित शिविर और सुपोषित मां अभियान के शुभारंभ समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अंत्योदय संबल पखवाड़ा केवल एक आयोजन नहीं बल्कि उस विचारधारा का सजीव रूप है, जिसमें समाज के सबसे वंचित और जरूरतमंद व्यक्ति के कल्याण का संकल्प निहित है। राज्य सरकार ने इसी सोच के साथ इस पखवाड़े की शुरुआत की है ताकि हर योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा सके।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सेवा को सुशासन का आधार बनाया है। राज्य सरकार भी उसी सोच के साथ योजनाओं को पंचायत और गांव तक पहुंचा रही है। आज महिलाएं, युवा, किसान और मजदूर सरकारी योजनाओं से सीधे जुड़ रहे हैं। यह अंत्योदय की दिशा में एक ठोस कदम है।
श्री बिरला ने कहा कि हम किसानों को समय पर बिजली, विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और ग्रामीण क्षेत्रों में 24 घंटे बिजली देने के लिए गंभीरता से काम कर रहे है। हर गांव को सड़क, अस्पताल और स्कूल जैसी बुनियादी सुविधाओं से जोड़ने के लिए भी ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने सुपोषित मां अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि गर्भवती महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच, पोषण आहार और अन्य जरूरी सहायता दी जा रही है। यह अभियान केवल मां और बच्चे के अच्छे स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है बल्कि एक संस्कारित और स्वस्थ पीढ़ी के निर्माण का प्रयास भी है।
