
अनूपपुर। रविवार की रात अनूपपुर जिले में अमरकंटक रोड पर एक हृदयविदारक हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की जान चली गई। जिला मुख्यालय से 10 किमी दूर सजहा नाले में तेज बहाव के दौरान एक कार बह गई, जिसमें पति-पत्नी और उनके दो मासूम बच्चे सवार थे। सोमवार को पुलिस ने चारों के शव बरामद कर लिए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार एसईसीएल सोहागरपुर के फोरमैन चंद्रशेखर यादव 38 वर्ष, अपनी पत्नी प्रीति यादव 37 वर्ष, पुत्र रेयांश 8 वर्ष और पुत्री सीबी 2 वर्ष के साथ अमरकंटक से लौट रहे थे। हादसा रविवार शाम करीब 7 बजे हुआ, जब सजहा पुल पर तेज बहाव के बावजूद उन्होंने कार आगे बढ़ाई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्थानीय लोगों ने उन्हें रोकने की कोशिश की थी, लेकिन एक बस के सुरक्षित पार होने के बाद चंद्रशेखर ने भी कार आगे बढ़ा दी। पुल का हिस्सा अचानक टूट गया और कार तेज धारा में बह गई। जिसकी सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक इसरार मन्सूरी, कोतवाली निरीक्षक अरविंद जैन एवं होमगार्ड कमांडेंट सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचे।
शव को तलाशने चला सर्ज अभियान
सजहा नाले में बही कार के साथ चंद्रशेखर यादव, प्रीति यादव, पुत्र रेयांश और पुत्री सीबी के शव की सर्चिंग की गई। जहां नाले के किनारे कार क्षतिग्रस्त हालत में मिला, लेकिन कार के अंदर कोई नही था। जिसके बाद प्रीति यादव का शव त्रिपाठी क्रेशर के पीछे बकान नदी में मिल गया था, वहीं दूसरे लगातार चंद्रशेखर एवं उनके दोनो बच्चों के शव की तलाश की जा रही थी। जहां चंद्रशेखर का शव ग्राम छिटापटपर के पास समुदहा नदी, पुत्र रेयांश का शव ग्राम खमरिया के पास बकान नदी में तथा 2 वर्षीय सीबी का शव खेरकुंडी ग्राम निदावन बकान नदी में मिला।
तीन दिन से हो रही बारिश बनी हादसे की पृष्ठभूमि
जिले में लगातार तीन दिन से हो रही मूसलधार बारिश के कारण नदी-नालों में उफान है। पुलिया पर पानी पौधे और मलबा फंसने के कारण सड़क पर आ गया था, जिससे बहाव अत्यधिक तेज हो गया। प्रत्यक्षदर्शी जसमत सिंह बंजारा के अनुसार हादसे के समय क्षेत्र के लोग घर छोड़कर ऊंची जगहों पर चले गए थे। उसी दौरान उन्होंने इस दिल दहला देने वाली घटना को देखा।
कलेक्टर ने जताई नाराजगी, अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश
सोमवार को हुई समयावधि बैठक में कलेक्टर हर्षल पंचोली ने घटना को गंभीरता से लेते हुए नाराजगी जताई। उन्होंने ग्राम औढ़ेरा के पटवारी संजीव सिंह, पंचायत सचिव कल्याण सिंह और रोजगार सहायक पर लापरवाही के आरोप में निलंबन का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश सीईओ जिला पंचायत को दिए।
मंत्री ने पहुंचकर दी सांत्वना, की आर्थिक सहायता की घोषणा
घटना की जानकारी मिलते ही मध्यप्रदेश कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री दिलीप जायसवाल ने जिला चिकित्सालय अनूपपुर पहुंचकर शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की और ढांढस बंधाया। मंत्री ने पीड़ित परिवार को विधायक निधि से 25-25 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
पूरा परिवार उजड़ गया, मां-बाप पर टूटा दुखों का पहाड़
जानकारी के अनुसार, चंद्रशेखर यादव मूलतः बाबा कालोली बदरा के निवासी थे और सोहागपुर एसईसीएल में कार्यरत थे। उनकी माता-पिता पहले ही दिवंगत हो चुके थे। वह अनूपपुर में परिवार के साथ रहते थे। इस हादसे में पूरा परिवार खत्म हो गया। प्रीति यादव जो कि जिला चिकित्सालय में नर्स थीं, उनके माता-पिता शवों को देखकर बेसुध हो गए। जिला चिकित्सालय में वातावरण शोकाकुल रहा।
