मुम्बई 07 जुलाई (वार्ता) महाराष्ट्र क्रिकेट संघ ने कहा है कि पृथ्वी शॉ घरेलू क्रिकेट में अब महाराष्ट्र के लिए खेलेंगे।
महाराष्ट्र क्रिकेट के अध्यक्ष रोहित पवार ने कहा कि शॉ का अंतरराष्ट्रीय और आईपीएल अनुभव कीमती है और टीम आने वाले सत्रों में ‘पृथ्वी के इस नए सफर में पूरी मजबूती से साथ खड़ी’ रहेगी।
शॉ ने एक बयान में कहा, “अपने करियर के इस पड़ाव पर महाराष्ट्र टीम से जुड़ना मेरे क्रिकेट करियर के विकास में मदद करेगा। मैं मुंबई क्रिकेट संघ का वर्षों से मिले अवसरों और समर्थन के लिए बेहद आभारी हूं।”
पिछले रणजी ट्रॉफी में टीम को सात में से केवल दो जीत मिली थी और वे अपने ग्रुप से क्वालिफाई नहीं कर सके। सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी के ग्रुप चरण में भी 3-3 के जीत-हार का रिकॉर्ड रहा। टीम पहले दौर में ही बाहर हो गई। लेकिन विजय हजारे ट्रॉफी की एक-दिवसीय प्रतियोगिता में महाराष्ट्र ने अपने ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल किया और सेमीफाइनल में वे विदर्भ से हार गए थे।
शॉ ने 58 प्रथम श्रेणी मुकाबलों में 46.02 की औसत से 4556 रन बनाए हैं, लेकिन पिछले वर्ष उन्हें खराब फिटनेस और अनुशासन की कमी के चलते मुंबई रणजी टीम से बाहर कर दिया गया था। उन्होंने आखिरी बार मुंबई के लिए दिसंबर 2024 में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के फाइनल में खेला था। लिस्ट-ए मुकाबलों में उनके नाम 55.72 की औसत और 125.74 के स्ट्राइक रेट के साथ 3399 रन हैं। टी-20 मैचों में उन्होंने 51.54 के स्ट्राइक रेट और 25.01 की औसत से 2902 रन बनाए हैं। वह आईपीएल 2025 की बड़ी नीलामी में भी नहीं बिके थे।
उल्लेखनीय है कि पिछले महीने शॉ ने मुंबई से टीम बदलने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र(एनओसी) मांगा था। जून के आखिरी में एनओसी मिल गई थी। उस समय शॉ ने कहा था, “अपने करियर के इस मोड़ पर मुझे एक और राज्य संघ के अंतर्गत पेशेवर क्रिकेट खेलने का एक अच्छा अवसर मिला है, जो मुझे एक क्रिकेटर के रूप में और अधिक विकसित होने में मदद करेगा।”

