कृषि विविधता का जश्न मनाने के लिए एक मंच दे रहा आम महोत्सव : चहल

नयी दिल्ली, 05 जुलाई (वार्ता) नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने शनिवार को कहा कि आम महोत्सव किसानों को सशक्त बनाने, कृषि-नवाचार को बढ़ावा देने और भारत की कृषि विविधता का जश्न मनाने के लिए एक जीवंत मंच के रूप में कार्य कर रहा है।
श्री चहल ने आज पालिका सेवा अधिकारी संस्थान (पीएसओआई)में दो दिवसीय मैंगो फेस्टिवल ‘खास-ए-आम’ का उद्घाटन करने के बाद कहा कि एनडीएमसी मैंगो फेस्टिवल किसानों को सशक्त बनाने, कृषि-नवाचार को बढ़ावा देने और भारत की कृषि विविधता का जश्न मनाने के लिए एक जीवंत मंच के रूप में कार्य कर रहा है। देश भर से 500 से अधिक आम की किस्मों को एक साथ लाकर और किसान समितियों, अनुसंधान संस्थानों और विक्रेताओं को सीधे संपर्क प्रदान करके, यह महोत्सव आत्मनिर्भर भारत की भावना का प्रतीक है और समावेशी विकास और किसान-केंद्रित विकास के लिए एनडीएमसी की प्रतिबद्धता को उजागर करता है।
उन्होंने कहा कि एनडीएमसी द्वारा आयोजित यह आम महोत्सव एक ऐसा संगम है, जहां 515 प्रकार के आम प्रदर्शित किए गए हैं, जिन्हें भारत के विभिन्न राज्यों के विभिन्न किसानों द्वारा उगाया गया है। एनडीएमसी ने आम महोत्सव के अपने पहले प्रयास में, किसानों को एक अनूठा मंच प्रदान किया है, जहां वे अपने आमों और उनके उत्पादों का प्रदर्शन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि 515 आमों के प्रदर्शन के अलावा कई अन्य देशों के आम भी यहां प्रदर्शित किए गए हैं। आम महोत्सव में कुछ संकर किस्मों को भी प्रदर्शित किया जा रहा है जो उत्तर भारत और दक्षिण भारत की किस्मों से मिलाकर उगाए गए हैं। यह आम महोत्सव भारत की अनेकता में एकता का प्रतीक बनकर उभरा है। उन्होंने बताया कि आम महोत्सव का मुख्य आकर्षण 2.5 किलोग्राम का आम- ‘राजा वाला’है। श्री चहल ने नागरिकों से परिवार और मित्रों के साथ आम महोत्सव में आने, प्रदर्शित आम की विविध किस्मों का आनंद लेने, किसानों का समर्थन करने और भारत की कृषि समृद्धि के इस जीवंत उत्सव का हिस्सा बनने की अपील की।

Next Post

रिजिजू ने दलाई लामा से लिया आशीर्वाद

Sat Jul 5 , 2025
नयी दिल्ली, 05 जुलाई (वार्ता) केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने शनिवार को हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में तिब्बती धार्मिक गुरु दलाई लामा से मुलाकात कर उनसे आशीर्वाद लिया। श्री रिजिजू ने सोशल मीडिया साइट ‘एक्स’ पर शनिवार को एक पोस्ट में कहा कि हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला के […]

You May Like