ग्वालियर: मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद का स्थापना दिवस सम्पूर्ण मध्यप्रदेश के साथ ग्वालियर जिले में भी स्वैच्छिकता पर्व के रूप में मनाया गया। कार्यक्रम में सर्वप्रथम स्वामी विवेकानंद के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एडिशनल कलेक्टर देवकीनंदन सिंह, अध्यक्षता परिषद की शासी निकाय के सदस्य शशिदत्त गंगरानी ने की। विशिष्ट अतिथि संभाग समन्वयक सुशील बरुआ रहे।
कार्यक्रम का आयोजन जिला समन्वयक धर्मेन्द्र कुमार दीक्षित ने किया। सहयोग बरिष्ठ समाजसेवी हरिओम गौतम और विनोद शर्मा विकासखण्ड समन्वयक घाटीगांव ने किया। कार्यक्रम का संचालन विकासखण्ड समन्वयक भितरवार मनोज दुबे ने किया। अतिथियों का स्वागत फूलमालाओं के साथ तुलसी के पौधा भेंट कर किया गया। कार्यक्रम में स्वागत भाषण एवं रूपरेखा संभाग समन्वयक सुशील बरुआ ने बताई।
परिषद की स्थापना और शासन तथा समाज के बीच विभिन्न दायित्वों पर एडिशनल कलेक्टर देवकीनंदन सिंह ने प्रकाश डाला और परिषद की कार्य गतिविधियों को विस्तार पूर्वक बताया, परिषद की शासी निकाय के सदस्य शशिदत्त गंगरानी ने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया और स्वैच्छिकता पर्व पर उपस्थित लोगों को संकल्प भी दिलाया। कार्यक्रम में परिषद के उपाध्यक्ष का उद्बोधन प्रोजेक्टर के माध्यम से कराया गया।
