सीतापुर 4 जुलाई (वार्ता) उत्तर प्रदेश में सीतापुर जिले के थानगांव क्षेत्र में शुक्रवार को एक स्कूली बस के पलटने से उसमे सवार दस बच्चे घायल हो गये जबकि एक राहगीर की मृत्यु हो गयी।
अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश कुमार ने बताया कि सरदार पटेल स्कूल महमूदाबाद की बस गोलाइचा चौराहे के पास एक बकरी चरा रहे बालक के अचानक सामने आने से अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। इस हादसे में बकरी चरा रहे बालक सरताज (8) निवासी ललितपुरवा की घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई वहीं बस में सवार दस बच्चे घायल हो गये।
इनमें से एक छात्रा की गंभीर स्थिति देखते हुए ट्रामा सेंटर बहराइच भेजा गया है जबकि अन्य बच्चों को उपचार स्थानीय अस्पताल में किया जा रहा है।
