
टीकमगढ़। बरीघाट स्थित जामनी नदी पर लगे फिल्टर प्लांट में तीसरा ट्रांसफॉर्मर भी खराब हो गया है। यह प्लांट शहर के 27 वार्डों में पानी की सप्लाई करता है। बीती रात मूसलाधार बारिश और बिजली की तड़क से तीसरा ट्रांसफॉर्मर भी फॉल्ट हो गया।
पिछले सप्ताह दो ट्रांसफॉर्मर खराब होने से शहर में 7 दिन तक पानी की सप्लाई बंद रही थी। मंगलवार को व्यवस्था में सुधार हुआ और दो दिन तक नलों में पानी की सप्लाई चालू रही। खराब ट्रांसफॉर्मर को मरम्मत के लिए झांसी और सागर भेजा गया है। नगर पालिका अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार ने शुक्रवार शाम करीब 5 बजे पार्षदों की टीम के साथ फिल्टर प्लांट का निरीक्षण किया। उन्होंने प्राइवेट ट्रांसफॉर्मर की व्यवस्था कर सप्लाई चालू करने के निर्देश दिए।
शहर वासियों को पानी की कमी न हो, इसके लिए नगर पालिका ने नि:शुल्क टैंकर सेवा शुरू की है।
