कश्मीर भारत का मुकुट है, लोग खुले दिल से देशवासियों का इंतजार कर रहे हैं: शिवराज

श्रीनगर, 04 जुलाई (वार्ता) केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को कश्मीर को ‘भारत का मुकुट रत्न’ और ‘धरती पर स्वर्ग’ बताते हुए कहा कि यहां के लोग बिना किसी डर या झिझक के साथी देशवासियों का स्वागत करने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

श्री चौहान शेर-ए-कश्मीर कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एसकेयूएएसटी-के) श्रीनगर के छठे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि थे। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, “मैं कल से श्रीनगर में हूं। लोगों के बीच ठंडी हवा, मिट्टी की खुशबू और स्थानीय लोगों की बेजोड़ गर्मजोशी को महसूस कर रहा हूं। यह धरती दिल को प्यार से भर देती है। सचमुच कश्मीर भारत का मुकुट और धरती पर स्वर्ग है।”

उन्होंने देश भर के लोगों से कश्मीर आने का आग्रह करते हुए कहा, “मैं अपने सभी देशवासियों से कहना चाहता हूं कि यहां के लोग बहुत बेसब्री से आपका इंतजार कर रहे हैं। आइए हम बिना किसी डर ,झिझक के यहां आएं और भाईचारे तथा प्यार की नई मिसाल कायम करें।”

उन्होंने केंद्र शासित प्रदेश को समृद्ध बनाने के लिए केंद्र की प्रतिबद्धता पर जोर दिया और इसे बागवानी खासकर सेब, बादाम और अखरोट उत्पादन के महत्वपूर्ण केंद्र में बदलने के सरकार के दृष्टिकोण का उल्लेख किया। उन्होंने कहा, “हम रोग मुक्त, उच्च गुणवत्ता वाली पौध सामग्री सुनिश्चित करने के लिए 150 करोड़ रुपये के निवेश से अत्याधुनिक स्वच्छ पौध केंद्र स्थापित कर रहे हैं। इससे हमारे किसान वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा कर सकेंगे।” उन्होंने कहा कि निजी नर्सरियों को सब्सिडी के माध्यम से सहायता दी जाएगी और केसर की खेती के लिए समर्पित एक टिशू कल्चर लैब भी स्थापित की जाएगी। केंद्रीय मंत्री ने कहा, “हमारा लक्ष्य घाटी के हर किसान तक विश्व स्तरीय तकनीक और सहायता पहुंचाना है।”

ग्रामीण विकास पर ध्यान केंद्रित करते हुए उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में किसी भी गरीब को बेघर नहीं रहने दिया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया, “प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पांच लाख लोगों का सर्वेक्षण किया गया है। सत्यापन के बाद पात्र लाभार्थियों को आवास सहायता मिलेगी।”

उन्होंने क्षेत्र में बुनियादी ढांचे के विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रतिबद्धता को भी दोहराया। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री ने दूरदराज के गांवों तक संपर्क बढ़ाने के लिए 4,200 करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी है।”

 

Next Post

कबीलों में बटी भाजपा ने गुटबाजी में तोड़े कांग्रेस के रिकार्ड

Fri Jul 4 , 2025
शाजापुर। चाल, चरित्र और अनुशासन के मूल मंत्र की पार्टी भाजपा में कबीला संस्कृति तेजी से बढ़ती नजर आ रही है. भाजपा में गुटबाजी जो बीते तीन सालों में बढ़ी है, इतनी गुटबाजी पहले कभी नहीं थी. भाजपा की गुटबाजी को देखते हुए कांग्रेसी भी अब आश्चर्यचकित हैं. गौरतलब है […]

You May Like