नारायणगंज:दो दिन से हो रही मूसलाधार बारिश ने नारायणगंज क्षेत्र में भारी तबाही मच गई है। अत्याधिक बारिश के चलते नारायणगंज के कई गांवों का संपर्क टूट गया है और जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। ग्राम लालीपुर और बम्हनी का कई गांवों को जोडऩे वाला मुख्य मार्ग बाढ़ के पानी में डूब जाने के कारण अवरुद्ध हो गया है, जिससे इन क्षेत्रों में आवागमन ठप्प हो गया है।
अचानक हुई तेज बारिश के कारण बम्हनी नाला उफान पर आ गया है, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है। नाले का पानी आसपास के रिहायशी इलाकों में घुस गया है। बताया गया कि ग्राम बम्हनी में दो घरों में पानी भर गया है, जिससे निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बताया गया कि नारायणगंज से बबलिया मार्ग में शंकरगंज के पास बने पुल के मुहाने का पक्का मार्ग धस गया है। जिसके कारण आवाजाही अवरूद्ध हो गई है। लगातार हो रही बारिश के कारण यह मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने की संभावना बनी हुई है।
नारायणगंज के शंकरगंज इलाके में भी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है, जहां कई घरों के अंदर पानी भर गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण हल्की बारिश में भी यह क्षेत्र अक्सर जलमग्न हो जाता है, लेकिन इस बार की बारिश ने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति का जायजा लिया जा रहा है और जल्द ही आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। ग्रामीण इलाकों में फंसे लोगों तक पहुंचने और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
