भिंड: गोहद थाना क्षेत्र के पतोखीपुरा गांव में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। रास्ते से हटने की बात पर कहासुनी हुई, जो मारपीट और फिर कट्टों से फायरिंग में बदल गई। गोली लगने से दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को ग्वालियर रेफर किया गया है।जानकारी के मुताबिक, अंकित गुर्जर (22) और अजय सिंह गुर्जर (20) निवासी गिरगांव, बाइक से अपने गांव लौट रहे थे।
दोपहर करीब 3.30 बजे पतोखीपुरा के पास सड़क पर खड़े लोगों को हार्न बजाकर हटने को कहा। इसी पर विवाद हो गया। झगड़े के बीच अजय ने फोन कर अपने गांव से शिशुपाल सिंह गुर्जर को बुलाया। इसी दौरान पतोखीपुरा के युवक कट्टे लेकर आए और फायरिंग शुरू कर दी। गोली अंकित के सीने में लगी, जबकि शिशुपाल के कमर पर छर्रे लगे। अजय भी झगड़े में घायल हुआ।
तीनों को पहले सिविल अस्पताल, फिर अंकित और शिशुपाल को ग्वालियर रेफर किया गया। गोहद थाना प्रभारी मनीष धाकड़ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। एसडीओपी सौरभ कुमार के अनुसार, मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद फायरिंग तक पहुंचा। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
