नयी दिल्ली 02 जुलाई (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांवड़ यात्रा को लेकर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह और समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एस.टी. हसन के बयान को हिंदू विरोधी मानसिकता का परिचायक बताया है।
भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने दोनों नेताओं के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए बुधवार को यहां संवाददाताओं से कहा कि दोनों नेताओं ने कांवड़ यात्रा को लेकर जिस तरह के बयान दिये हैं, उससे स्पष्ट है कि इनके बयान एक ही भावना से प्रेरित हैं। उन्होंने कहा कि श्री राहुल गांधी विदेश में ‘वैश्विक हिंदुत्व को खत्म करना’ जैसी बैठकों में हिस्सा लेते हैं। चेन्नई में ‘सनातन धर्म के उन्मूलन’ की बातें होती हैं और ठीक उसी सोच से ये दोनों नेता प्रभावित नजर आते हैं।
उन्होंने कहा कि श्री सिंह को जाकिर नाइक ‘शांति का दूत’ लगता हैं, ओसामा बिन लादेन ‘ओसामा जी’ और हाफिज सईद को ‘हाफिज साहब’कहते हैं। लेकिन कांवड़ यात्रा में ही इन्हें सांप्रदायिकता नजर आती है। उन्होंने सवाल किया कि श्री हसन बताएं कि वो उन लोगों के साथ क्यों खड़े हैं जो अपना नाम और पहचान छुपाते हैं।
