नई दिल्ली, (वार्ता) वाहन-उद्योग कौशल विकास परिषद (एएसडीसी) ने चालू वित्तीय वर्ष में पांच लाख युवाओं को स्किलिंग, अपस्किलिंग और अप्रेंटिसशिप के जरिए ट्रेनिंग देने का बड़ा लक्ष्य रखा है। यह जानकारी परिषद की एक विज्ञप्ति में दी गयी है।
विज्ञप्ति के अनुसार एएसडीसी ने पिछले साल एएसडीसी ने देशभर में 2 लाख से ज़्यादा अप्रेंटिसशिप पूरे किए और 4.5 लाख से अधिक लोगों को ट्रेनिंग देकर उन्हें रोजगार के योग्य बनाया था। संगठन ने हाल ही में कई अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक संस्थानों के साथ समझौते किए हैं ताकि भारतीय युवाओं को वैश्विक स्तर पर भी अवसर मिल सकें। अब एएसडीसी का लक्ष्य है कि दुनियाभर के शिक्षा और उद्योग जगत के साथ जुड़कर और ज्यादा मौके बनाए जाएं।
एएसडीसी के अध्यक्ष एफ आर सिंघवी ने बताया कि ऑटोमोटिव सेक्टर में महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनाने के लिए काम किया जा रहा है। पिछले साल हीरो कंपनी के साथ मिलकर सक्षम प्रोजेक्ट के तहत 4,000 महिलाओं को ऑटोमोबाइल डीलरशिप में काम करने के लिए ट्रेनिंग दी गई थी। इस साल 20,000 महिलाओं को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है।
