इस्तांबुल, 29 जून (वार्ता) तुर्की ने कहा है कि मिडिल कॉरिडोर पहल वैश्विक परिवहन और रसद में नयी गति लायेगा जिससे एशिया और यूरोप के बीच ‘रणनीतिक संबंध’ स्थापित होगा।
देश के परिवहन और अवसंरचना मंत्री अब्दुलकादिर उरालोग्लू ने शनिवार को मिडिल कॉरिडोर प्रमोशन कार्यक्रम में क्षेत्रीय देशों के लिए कॉरिडोर की महत्वपूर्ण वाणिज्यिक और आर्थिक क्षमता पर प्रकाश डाला।
तुर्की के विदेश मंत्रालय के अनुसार इसे ट्रांस-कैस्पियन ईस्ट-वेस्ट मिडिल कॉरिडोर पहल के रूप में भी जाना जाता है, यह मार्ग तुर्किये को दक्षिण काकेशस, कैस्पियन सागर, मध्य एशिया और अंततः चीन से जोड़ता है, जो प्राचीन सिल्क रोड को पुनर्जीवित करने के तुर्किये के चल रहे प्रयासों का हिस्सा है।
श्री उरालोग्लू ने कहा कि वर्तमान में पूर्वी एशिया से मिडिल कॉरिडोर के माध्यम से रेल द्वारा यात्रा करने वाला माल केवल 18 दिनों में यूरोप के सबसे दूर के बिंदुओं तक पहुँच सकता है।
मंत्री ने अनुमान जताया कि पारगमन समय जल्द ही 15 या 13 दिनों तक कम हो सकता है। उन्होंने कहा,“इसलिए हम पड़ोसी और पारगमन देशों के साथ इस गलियारे में निवेश कर रहे हैं।”
उन्होंने बताया कि कॉरिडोर का लगभग 2,200 किलोमीटर हिस्सा तुर्किये से होकर गुजरता है, जिसके कई हिस्से पहले से ही चालू हैं।
