
गुना। अंतर्राष्ट्रीय नशा एवं अवैध तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर मन मनोचिकित्सा संस्थान एवं नशा मुक्ति केंद्र (DDAC), गुना के द्वारा कार्यक्रम का आयोजन किया गया । जिसमें समाज को नशे के विरुद्ध जागरूक करने और सहयोग के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से अनेक गणमान्य अतिथियों और विशेषज्ञों ने सहभागिता कर अपने-अपने विचार साझा किए ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गुना पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी विशेष रूप से उपस्थित रहे । उन्होंने नशे के खिलाफ पुलिस द्वारा जिलेभर में चलाए जा रहे कठोर अभियानों की जानकारी दी । उन्होंने कहा, “यदि समाज का हर वर्ग इस मुहिम में कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा हो जाए, तो गुना जिले को नशा मुक्त बनाना एक सपना नहीं, सच्चाई बन सकता है ” । साथ ही उन्होंने उपस्थित जनसमूह को नशा मुक्ति की सामूहिक शपथ भी दिलवाई, जिसका सभी ने उत्साहपूर्वक पालन किया । इस मौके पर नीति आयोग के प्रतिनिधि मुकेश शेरावत, सामाजिक न्याय विभाग के प्रभारी उपसंचाल अब्दुल गफ्फार, CRP भोपाल के नित्यानंद सांबाल सेवा भारती अध्यक्ष, आईएमए से डॉ. रामवीर रघुवंशी, ओमकार कॉलेज के चेयरपर्सन प्रदीप सेन और वरिष्ठ मानसिक रोग विशेषज्ञ डॉ. आर.एस. भाटी विशेष रूप से उपस्थित रहे । डॉ. भाटी ने नशीले पदार्थों के जैविक, मानसिक व सामाजिक प्रभावों पर वैज्ञानिक और व्यवहारिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण जानकारी दी।कार्यक्रम के अंत में मन संस्थान द्वारा पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी को नशे के विरुद्ध जिले में सशक्त नेतृत्व व त्वरित कार्यवाही के लिए विशेष सम्मान दिया गया।
