
इंदौर। प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट शनिवार को अर्जुन बड़ौदा पहुंचे, जहां उन्होंने निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण किया। मंत्री सिलावट ने अधिकारियों से कार्य की प्रगति की जानकारी ली और गुणवत्ता में कोई समझौता न करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंत्री सिलावट ने कहा कि यह पुल क्षेत्र के लोगों के लिए जीवन रेखा साबित होगा। इसके निर्माण से आवागमन सुगम होगा और ग्रामीणों को बारिश के दौरान होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी। उन्होंने कार्य में तेजी लाने और निर्धारित समय सीमा में निर्माण पूरा करने पर जोर दिया।
