जबलपुर: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) के तहत जिले में चल रहे मतदाताओं के सत्यापन कार्य की समीक्षा रविवार को कुंडम एसडीएम प्रगति गणवीर ने की। एसडीएम गणवीर ने कुंडम क्षेत्र के तिलसानी, घुघरी और देहरीखुर्द ग्रामों का दौरा कर मतदाताओं के सत्यापन की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने मतदाताओं की मैपिंग, बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों के वितरण तथा भरे हुए प्रपत्रों के संकलन की स्थिति की जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने बीएलओ से चर्चा करते हुए निर्देश दिए कि वे निर्धारित समयसीमा के भीतर अपने दायित्वों का निर्वहन करें और प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित रूप से दर्ज हो। एसडीएम ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धीकरण लोकतांत्रिक प्रक्रिया की आधारशिला है, इसलिए इस कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बीएलओ को क्षेत्रवार प्रगति रिपोर्ट तैयार करने और निर्वाचन कार्यालय को समय पर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
