रतलाम में आज एमपी राइज 2025 कॉन्क्लेव: भूमि-पूजन और क्लस्टर्स का लोकार्पण
रतलाम: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में आज रतलाम में “एमपी राइज 2025” रीजनल इंडस्ट्री, स्किल एंड इम्प्लॉयमेंट कॉन्क्लेव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन राज्य में औद्योगिक विकास, कौशल उन्नयन और रोजगार सृजन को गति देगा। कार्यक्रम की थीम “सफल उद्यमी, समृद्ध उद्योग, समावेशी विकास” है। कॉन्क्लेव में मुख्यमंत्री 16 नवीन औद्योगिक क्षेत्रों का भूमि-पूजन और 11 राज्य क्लस्टर्स का लोकार्पण करेंगे। 2,850 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों के आशय पत्र जारी होंगे, जिससे 5,450 से अधिक रोजगार सृजन की संभावना है। साथ ही, दो लाख से अधिक हितग्राहियों को 2,400 करोड़ रुपये की सहायता राशि वितरित की जाएगी।
डॉ. यादव इस अवसर पर युवाओं को रोजगार के ऑफर लेटर, उद्योगपतियों को आशय पत्र वितरित करेंगे और चयनित जिलों के हितग्राहियों से संवाद करेंगे।
वॉलमार्ट और ओएनडीसी के साथ एमओयू भी किए जाएंगे। प्रदर्शनी में 100+ स्टॉल्स के माध्यम से एमएसएमई, नवाचार और ओडीओपी उत्पादों की झलक देखने को मिलेगी। तीन थीमेटिक सत्रों में निवेश नीति और कौशल विकास जैसे विषयों पर चर्चा होगी। यह आयोजन प्रदेश के आत्मनिर्भर भविष्य की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगा।
